रांची । झारखंड उच्च न्यायालय ने धनबाद स्थित केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (सीआईएमएफआर) में पिछले 25 से 30 वर्षों से अनुबंध पर कार्यरत कर्मियों के नियमितीकरण से जुड़े विवाद में एक महत्वपूर्ण आदेश पारित किया है। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और न्यायमूर्ति मनोज प्रसाद की खंडपीठ ने राजेश तिवारी सहित 14 याचिकाकर्ताओं एवं मनबोध कुमार मंडल सहित 105 याचिकाकर्ताओं के मामले को निष्पादित करते हुए केंद्रीय सरकार औद्योगिक न्यायाधिकरण-सह-श्रम न्यायालय (सीजीआईटी-1), धनबाद को तीन महीने के भीतर इस मामले में अपना अंतिम फैसला सुनाने का निर्देश दिया है। खंडपीठ ने कर्मचारियों की नौकरी पर रोक बरकरार रखी है और नए टेंडर पर पाबंदी कायम रखी है।
उच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि जब तक सीजीआईटी-1, धनबाद में अपना अंतिम निर्णय नहीं सुना देता और फैसले की सूचना पक्षकारों को मिलने के चार सप्ताह बाद तक, संस्थान में वर्तमान यथास्थिति कायम रहेगी। इस अवधि के दौरान सीआईएमएफआर प्रबंधन और संबंधित ठेका एजेंसी (मेसर्स शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड) याचिकाकर्ता कर्मियों की सेवा समाप्त नहीं कर सकेंगे।
राजेश तिवारी समेत 14 याचिकाकर्ताओं एवं मनबोध कुमार मंडल सहित 105 ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर 14 जुलाई, 2023 को जारी टेंडर को चुनौती दी थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि वे वर्ष 1995 के आसपास से (करीब ढाई-तीन दशकों से) संस्थान में कार्यरत हैं और उनके नियमितीकरण का मामला वर्ष 2006 से सीजीआईटी-1, धनबाद में लंबित है। कर्मियों का आरोप था कि औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 की धारा 33 के तहत ट्रिब्यूनल की अनुमति लिए बिना ही नया टेंडर निकालकर उनकी सेवा शर्तों को बदलने और उन्हें हटाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पहले 21 जनवरी, 2025 को उच्च न्यायालय की एक खंडपीठ ने अंतरिम आदेश पारित करते हुए नए टेंडर और कर्मियों को हटाने पर रोक लगा दी थी।
सुनवाई के दौरान कोर्ट के संज्ञान में लाया गया कि 12 अक्टूबर 2026 को सीजीआईटी ने यह कहते हुए अवॉर्ड पारित करने से रोक दिया था कि उच्च न्यायालय में दो रिट याचिकाएं लंबित हैं। इसपर उच्च न्यायालय ने साफ किया कि याचिकाओं के लंबित रहने से ट्रिब्यूनल के फैसला सुनाने पर कोई बाधा नहीं है। ट्रिब्यूनल उच्च न्यायालय की किसी भी प्रारंभिक टिप्पणी से प्रभावित हुए बिना कानून और गुण-दोष के आधार पर तीन महीने के भीतर अपना आदेश पारित करे।
सीआईएमएफआर प्रबंधन ने अंतरिम आदेश वापस लेने के लिए हस्तक्षेप याचिका दायर कर दलील दी थी कि कर्मी सीधे संस्थान के नहीं बल्कि ठेकेदार के अधीन हैं। उच्च न्यायालय ने इसे खारिज करते हुए कहा कि इन दलीलों पर पहले ही विचार किया जा चुका है और ढाई दशक से काम कर रहे कर्मियों को इस स्तर पर हटाना अनुचित और अन्यायपूर्ण होगा।
प्रबंधन आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर्मियों की नियुक्ति के लिए कोई नया टेंडर जारी नहीं कर सकेगा। कोर्ट ने यह चार सप्ताह का अतिरिक्त समय इसलिए दिया है ताकि यदि कोई पक्ष ट्रिब्यूनल के फैसले से असंतुष्ट हो, तो वह सक्षम न्यायालय में अपील कर उचित राहत प्राप्त कर सके।






