पुलिस ने होटल से लड़की को बरामद कर केन्याई युवक को किया गिरफ्तार
भुवनेश्वर । ओडिशा के पुरी में एक नाबालिग लड़की से ऑनलाइन कैरम गेम के जरिए दोस्ती करने और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक केन्याई नागरिक गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर भुवनेश्वर के एक निजी होटल से नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ऑनलाइन कैरम गेम के जरिए नाबालिग से दोस्ती की थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि आरोपी 18 नवंबर को पुरी पहुंचा और एक कॉलेज के पास नाबालिग से मिला। इसके बाद वह लड़की को अपने साथ भुवनेश्वर ले गया। वहीं, लड़की के लापता होने के बाद उसके परिवार ने पुरी टाउन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो आरोपी और नाबालिग के भुवनेश्वर में होने की जानकारी मिली।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आरोप है कि लड़की को अपने साथ ले जाने के बाद आरोपी ने उसे धमकाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने लड़की के पिता से पैसे की डिमांड की, जिसके लिए वीपीएन नंबर का इस्तेमाल किया गया था। नाबालिग लड़की ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी उस पर धर्म बदलने का दबाव बना रहा था। पुलिस अब इन आरोपों की भी गहन जांच कर रही है। पुलिस ने बताया आरोपी फैजी मोहम्मद 10 नवंबर को भारत आया था और वह गुजरात में रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने पिता के इलाज के लिए भारत आया है। इसके बाद वह 18 नवंबर को पुरी पहुंचा और नाबालिग को अपने साथ भुवनेश्वर ले गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को पूछताछ और जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।






