नई दिल्ली । ट्रेन का आरएसी टिकट चार्ट बनने के बाद बिना किसी पूर्व सूचना के वेटिंग लिस्ट में बदलकर रद्द करने के मामले में रेलवे को बड़ा झटका लगा है। केरल के मलप्पुरम जिला उपभोक्ता आयोग ने इस मामले में रेलवे को सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार का दोषी मानते हुए यात्री को कुल 25 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। आयोग ने रेलवे को 45 दिन के भीतर यह भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। यदि भुगतान में देरी होती है, तो रेलवे को 9 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा।
यह मामला मुंबई के केसी लॉ कॉलेज के छात्र यदुकृष्णन सी से जुड़ा है, जिन्हें आपात स्थिति में मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से केरल के कायमकुलम जाना था। इसके लिए उन्होंने नेत्रावती एक्सप्रेस में टिकट बुक कराया था। बुकिंग के समय उनका टिकट वेटिंग लिस्ट 77 पर था, जो बाद में आरएसी 44 हो गया। हालांकि, ट्रेन का आरक्षण चार्ट तैयार होने के बाद टिकट का स्टेटस अचानक वेटिंग लिस्ट 1 कर दिया गया और उसे स्वतः ही रद्द कर दिया गया। यात्री ने इस टिकट के लिए 1,819 रुपये चुकाए थे। टिकट रद्द होने पर रेलवे ने उन्हें 1,730 रुपये लौटाए और 65 रुपये क्लर्केज शुल्क के रूप में काट लिए। यात्री का स्पष्ट कहना था कि उन्होंने स्वयं अपना टिकट रद्द नहीं कराया था और रेलवे ने स्टेटस बदलने या टिकट रद्द होने के संबंध में उन्हें कोई पूर्व सूचना भी नहीं दी। रेलवे की इस कार्रवाई के कारण यदुकृष्णन को 9 सितंबर 2024 को उसी ट्रेन से यात्रा करने के लिए 2,339 रुपये का करंट टिकट खरीदना पड़ा।
यदुकृष्णन ने सूचना के अधिकार के तहत इस संबंध में जानकारी मांगी तो पता चला कि आरएसी 44 को वेटिंग लिस्ट 1 में बदलने की कोई निर्धारित नीति नहीं थी। रेलवे ने अपनी सफाई में कोच में बदलाव के कारण सीटों के दोबारा आवंटन की दलील दी थी। वहीं, आईआरसीटीसी ने आयोग के सामने कहा कि वह केवल बुकिंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराता है। आयोग ने आईआरसीटीसी को इस मामले में जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया। आयोग के अध्यक्ष मोहनदासन के और सदस्य प्रीति शिवरामन सी तथा मोहम्मद इस्माइल सीवी की पीठ ने रेलवे को यात्री को हुई मानसिक परेशानी के लिए 20 हजार रुपये और मुकदमे के खर्च के लिए 5 हजार रुपये देने का आदेश दिया। यह फैसला उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






