नई दिल्ली । नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स बचाने के लिए जानबूझकर नंबर प्लेट छिपाना या उसमें छेड़छाड़ करना वाहन चालकों को बेहद महंगा पड़ने वाला है। केंद्र सरकार इसतरह के मामलों पर लगाम कसने के लिए एक नया प्रस्ताव तैयार कर रही है, इसके तहत सामान्य टोल शुल्क से चार से आठ गुना तक की वसूली की जाएगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य बैरियरलेस टोल कलेक्शन सिस्टम में होने वाली टोल चोरी को रोकना है। हालांकि, यह अभी केवल एक प्रस्ताव है और लागू करने के लिए केंद्र सरकार को अंतिम नियम जारी करना होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने नेशनल हाईवे फीस रूल्स में बदलाव की तैयारी की है। इस प्रस्ताव के अनुसार, यदि कोई वाहन चालक जानबूझकर नंबर प्लेट छिपाता है या उसमें बदलाव करके टोल भुगतान से बचने की कोशिश करता है, तब उससे सामान्य टोल का चार से आठ गुना तक अतिरिक्त शुल्क वसूला जा सकता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी हाईवे पर 100 रुपये टोल लगता है, तब उल्लंघन करने वाले वाहन चालक को 400 से लेकर 800 रुपये तक चुकाना पड़ सकता हैं। इस अतिरिक्त शुल्क की वसूली भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) जैसे हाईवे प्राधिकरणों द्वारा की जाएगी। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि यह जुर्माना मोटर वाहन अधिनियम के तहत नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर लगने वाले 5,000 रुपये (पहली बार) और 10,000 रुपये (दोबारा गलती करने पर) के जुर्माने से अलग होगा, यानी उल्लंघनकर्ता को दोनों प्रकार के जुर्माने झेलने पड़ सकते हैं।
बैरियरलेस टोलिंग सिस्टम में वाहन बिना रुके टोल प्लाजा से गुजर सकते हैं, क्योंकि यहां लगे कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम नंबर प्लेट पढ़कर वाहन की पहचान करते हैं और भुगतान का मिलान करते हैं। इसके बाद नंबर प्लेट का स्पष्ट और सही दिखाई देना बेहद जरूरी होता है। कुछ चालक इसका फायदा उठाकर अक्षर छिपाते हैं, स्टिकर लगाते हैं या प्लेट को मोड़ देते हैं, इससे कैमरे वाहन की पहचान नहीं कर पाते और टोल भुगतान से बच निकलते हैं। केंद्र सरकार इस तरह की टोल चोरी पर लगाम कसने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक कैमरों का इस्तेमाल करेगी। टोल प्लाजा की तस्वीरों, वाहन संबंधी जानकारी और एआई आधारित इमेज एनालिसिस की मदद से संदिग्ध नंबर प्लेटों की पहचान की जाएगी। दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर बैरियरलेस टोलिंग शुरू होने के बाद ऐसी समस्याएं सामने आई हैं, जहां लगभग 2-4 प्रतिशत वाहन इस तरह की गड़बड़ी करते मिले हैं।
वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी नंबर प्लेट हमेशा साफ, सही स्थिति में और स्पष्ट रखें। उस पर ऐसा कोई कवर, स्टिकर या अन्य बदलाव नहीं होना चाहिए, जिससे अक्षर और अंक पढ़ने में परेशानी हो। जहां अनिवार्य हो, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) का उपयोग करें। यह भी ध्यान रखना होगा कि एआई या कैमरे की पहचान में गलती की संभावना हो सकती है, इसलिए गलत नोटिस मिलने पर चुनौती देने के लिए एक स्पष्ट प्रणाली होनी चाहिए। मोदी सरकार का यह प्रयास टोल चोरी रोकने और हाईवे पर यातायात को सुचारु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






