नई दिल्ली । नए मॉडल की पेशकश और बढ़ी हुई छूट से भारत में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री जुलाई में सालाना आधार पर 10 फीसदी बढ़ी। उद्योग निकाय फाडा ने सोमवार को यह जानकारी दी। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के अनुसार जुलाई में कुल यात्री वाहन खुदरा बिक्री बढ़कर 3,20,129 इकाई हो गई, जबकि जुलाई 2023 में यह 2,90,564 इकाई थी। फाडा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि डीलरों ने बताया कि उन्हें अच्छे उत्पाद उपलब्ध होने, आकर्षक योजनाओं और उत्पादों की व्यापक श्रृंखला से लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश, उपभोक्ता भावना में कमी और तीव्र प्रतिस्पर्धा के कारण चुनौतियां उत्पन्न हुईं, लेकिन अधिक प्रचार तथा बढ़ी छूट के जरिये बिक्री को बनाए रखने में कामयाबी मिली। जुलाई में दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 17 फीसदी बढ़कर 14,43,463 इकाई रही, जो जुलाई 2023 में 12,31,930 इकाई थी। वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री पिछले महीने सालाना आधार पर सात फीसदी बढ़कर 80,057 इकाई हो गई। हालांकि, जुलाई में ट्रैक्टर की बिक्री सालाना आधार पर 12 फीसदी घटकर 79,970 इकाई रह गई। फाडा ने जुलाई महीने की रिपोर्ट तैयार करने के लिए वाहन पंजीकरण आंकड़े देश भर के 1,645 आरटीओ में से 1,568 से जुटाए हैं।






