संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहेट /साहिबगंज- बरहेट प्रखंड क्षेत्र के सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बाउंसर एजेंसी के संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. शनिवार को बरहेट थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसडीपीओ बरहरवा नितिन खंडेलवाल ने बताया कि मोहन सोरेन के आवेदन पर बरहेट थाना कांड संख्या 139/26 दर्ज किया गया था. इसमें जॉन चुंडा हांसदा सहित पांच नामजद और 10 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित छापामारी दल ने 20 नवंबर को सिमलढाब में कार्रवाई करते हुए शिवम कुमार और अनिल कुमार मिश्रा को पकड़ा.

बाद में शिवम की निशानदेही पर पीयूष कुमार, ललन कुमार सिंह और सुधांशु रंजन को भी गिरफ्तार किया गया. शिवम अल्फा बाउंसर एजेंसी का मालिक है. पूछताछ में उसने बताया कि पैसे लेकर सुरक्षा देने का काम करता है और उसके अधीन करीब 18-20 बाउंसर काम करते हैं. पुलिस के अनुसार जमीन पर कब्जा कराने के उद्देश्य से बाउंसरों को बुलाया गया था. छापामारी दल में एसडीपीओ, थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे.





