नई दिल्ली । 1 अप्रैल 2024 की सुबह करीब 9 बजे का वक्त रहा होगा। बैंक से रिटायर हो चुके शिवराम पुरोहित की नजर इंस्टाग्राम की एक पोस्ट पर पड़ी। ये पोस्ट एसएनएस इन्वेस्टमेंट ओल्ड कॉइन गैलरी नाम की कंपनी की थी। पोस्ट में लिखा था कि अगर आपके पास 1, 2 और 5 रुपये के पुराने नोट या सिक्के हैं, तब आप बदले में लाखों रुपये जीत सकते हैं। शिवराम के पास भी 5 रुपये का पुराना नोट था, इसलिए उन्होंने सोचा कि क्यों ना अपनी किस्मत आजमाएं।
शिवराम ने अपना 5 रुपये का नोट तलाशना शुरू कर दिया। नोट मिलते ही उन्होंने पोस्ट में दिए गए वॉट्सएप नंबर पर उसकी फोटो खींचकर भेज दी। थोड़ी देकर बाद उनके मोबाइल पर उसी नंबर से मैसेज आया और बताया गया कि कंपनी ने अपनी जांच-परख के बाद उनके नोट की कीमत 11 लाख रुपये तय की है। शिवराम खुश हो गए। उनके लिए एक पुराने नोट के बदले 11 लाख रुपये मिलने का मतलब था, जैसे कोई पुराना खजाना हाथ लग गया है।
हालांकि, कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर उसी नंबर से एक दूसरा मैसेज आया। इस संदेश में पहचान के लिए कुछ प्रूफ मांगे गए और साथ ही कहा गया कि 11 लाख रुपये की रकम पाने के लिए आपको पहले टैक्स के तौर पर कुछ रुपये जमा करना होगा। ये पुराने नोटों का कलेक्शन है, इसलिए अलग-अलग विभाग के बैंक खातों में टैक्स जमा होगा। शिवराम को लगा कि अगर उन्होंने देर की, कहीं ये मौका हाथ से निकल ना जाए इसलिए उन्होंने तुरंत हां कर दी। शिवराम को जैसे-जैसे बताया गया, वे रकम ट्रांसफर करते चल गए।
पुराने नोट के बदले 11 लाख रुपये देने वाली कंपनी ने कुछ ही घंटों के भीतर शिवराम से करीब 52 लाख रुपए अलग-अलग बैंक अकाउंट में जमा करा लिए। शिवराम से कहा गया कि टैक्स काटने के बाद बाकी रकम उन्हें वापस मिलेगी। इसके बाद उन्हें एक दूसरी कंपनी के दो बैंक खातों के नंबर दिए गए और यहां भी उनसे लगभग 11 लाख की रकम ट्रांसफर करा ली गई। इन सारे बैंक खातों में मिलाकर शिवराम अब तक कुल 63 लाख रुपए भेज चुके थे। इसके बाद उस नंबर से मैसेज आने बंद हो गए। शिवराम ने कई बार उस नंबर पर फोन भी किया, लेकिन नंबर बंद हो चुका था।
पुरोहित को 63 लाख रुपए की रकम गंवाने के बाद एहसास हुआ कि उनके साथ पांच रुपये के पुराने नोट के नाम पर काफी बड़ी ठगी हुई है। अपनी शिकायत लेकर शिवराम पुलिस थाने पहुंचे और साइबर सेल में उनका मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर मुंबई के रहने वाले शिवराज राव, साहित और पंकज सिंह के अलावा कोलकाता से चलने वाली कंपनी क्विकर और तानामे सनबोट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






