परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप, दो लोग गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा । यूपी के ग्रेटर नोएडा में एक फॉर्च्यूनर कार में भीषण आग लग गई, जिसमें एक युवक जलकर की मौत हो गई। गाड़ी सड़क से करीब 100 मीटर अंदर मिली है, जिसकी वजह से कार में आग लगाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तयार किया है।
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के कोट पुल नगला के पास एक फॉर्च्यूनर कार में भीषण आग लग गई। गाड़ी के अंदर बैठे युवक की जलकर मौत हो गई। जब गाड़ी से आग की लपटें निकलीं तो लोगों ने वहां पहुंचकर युवक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उसे निकाला नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक युवक की पहचान संजय यादव के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। वह गाजियाबाद के नेहरू नगर का रहने वाला था। चूंकि फॉर्च्यूनर कार सड़क से 100 मीटर अंदर खड़ी थी, जिसकी वजह से संजय की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। परिजनों का आरोप है कि संजय का गहनों को लेकर दोस्तों से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से उन्होंने ही संजय को जिंदा जला दिया। वहीं पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि नाम सामने आने के बाद आगे और भी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फॉर्च्यूनर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन भी गाजियाबाद का ही है। कार का नंबर यूपी14जीसी3609 है। इस घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें घटनास्थल के पास खड़े लोगों को कहते हुए सुना जा सकता है कि इस कार में आग लगाई गई है।






