नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रोपदी मूर्मू ने दिल्ली की आम आदमी सरकार को बर्खास्त करने की मांग करने संबंधी दिल्ली बीजेपी की अपील को गृह मंत्रालय के पास भेज दिया है। इस संबंध में दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि संविधान के कथित उल्लंघन के लिए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को बर्खास्त किए जाने की मांग बीजेपी के विधायकों द्वारा राष्ट्रपति को सौंपा गया ज्ञापन गृह मंत्रालय को भेज दिया गया है। विजेंद्र ने दावा किया है कि दिल्ली सरकार द्वारा छठे दिल्ली वित्त आयोग का गठन नहीं करना और कैग रिपोर्ट पर कार्रवाई न करना संविधान का उल्लंघन है।
बता दें कि बीजेपी विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने 30 अगस्त को राष्ट्रपति से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा था जिसमें दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के जेल में होने के कारण दिल्ली में उत्पन्न संवैधानिक संकट के बीच तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था। विजेंद्र ने राष्ट्रपति सचिवालय से प्राप्त पत्र को साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ने ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए उसे गृह सचिव को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि गृह सचिव से इस मामले पर तत्काल और उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।






