लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुकवार को देर शाम पुलिस विभाग में तैनात सिपाही ने मायके पहुंच कर पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद सिपाही ने भी गोली मार कर खुदकुशी कर ली।
वारदात की जानकारी पर पहुंची कृष्ण नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच पड़ताल करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सर्वेश रावत पुलिस विभाग में 2011 बैच के सिपाही था। इन दिनों सिपाही की तैनाती कानपुर कमिश्नरेट में है। सिपाही की पत्नी मीरा रावत डाक विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात थी। वह कृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित आजाद नगर में अपने मायके में आठ माह की बेटी के साथ रह रही थी। दोनों में पहले से विवाद चल रहा था। कोर्ट में समझौता होने के बाद दोनों फिर साथ रह रहे थे। सिपाही सर्वेश आज शाम 7:05 बजे अपनी ससुराल लखनऊ पत्नी के पास पहुंचा। दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद सर्वेश ने पत्नी मीरा को गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गली की आवाज सुनकर जब तक ससुरालीजन अंदर कमरे में मौके पर पहुंचते उससे पहले ही खुद की कनपटी पर भी गोली मार ली। घटना का नजारा देख ससुरालीजन हैरान रह गए। उन्होंने आनन-फानन थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर हालत में सिपाही को ट्रामा सेंटर में उपचार के लिए रेफर किया गया। जहां उसने भी दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटना की छानबीन करते हुए परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस की मानें तो पूछताछ में परिजनों ने मृतक सिपाही और उसकी पत्नी के बीच पारिवारिक कलह को इस खौफनाक घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। मौके से पुलिस को घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


