दुमका। दुबई से इजरायल जा रहे 180 यात्रियों से भरे विमान में जब मौत साक्षात सामने थी, तब भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मिथ मच्छार ने अपनी जान की बाजी लगा दी। सह-पायलट के जानलेवा हमले के बावजूद उन्होंने जिस सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई, वह आज हर किसी के लिए प्रेरणा बन गया है।
उनके इसी जज्बे को सलाम करते हुए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ, दुमका की ग्रीन माउंट एकेडमी ने एक अनूठी और भावपूर्ण पहल की है। मंगलवार को विद्यालय परिवार की ओर से दुमका बस स्टैंड के समीप स्थित हनुमान मंदिर में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कैप्टन स्मिथ के उत्तम स्वास्थ्य के लिए संकटमोचन हनुमान जी के चरणों में पूरे श्रद्धाभाव से 101 दीप प्रज्वलित किए गए।
दीपों की पावन जगमगाहट से पूरा मंदिर परिसर एक सकारात्मक और ऊर्जावान माहौल से भर उठा। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वहां मौजूद हर शख्स ने एकजुट होकर ईश्वर से यही प्रार्थना की कि देश का यह वीर सपूत जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच वापस लौटे।
इस भावुक अवसर पर ग्रीन माउंट परिवार ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि संकट की इस कठिन घड़ी में वे कैप्टन स्मिथ के साथ मजबूती से खड़े हैं। इससे पूर्व विद्यालय की सभी शाखाओं में इस शूरवीर पायलट की बहादुरी से बच्चों को अवगत कराने के लिए एक विशेष चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था।
मंदिर में आयोजित इस गरिमामयी प्रार्थना सभा में विद्यालय के सचिव डॉ. करुण कुमार राय और संरक्षक डॉ. प्रदीप कुमार गोराई विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने भी कैप्टन स्मिथ मच्छार के उत्तम स्वास्थ्य और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। शांत और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ यह आयोजन अदम्य साहस के प्रति सम्मान और सामूहिक प्रार्थना की एक अद्भुत मिसाल बन गया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


