-सीएमओ को भेजा जाएगा प्रस्ताव, सीएम नीतीश लेंगे फैसला
पटना । बिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण में जमीन के कागजात जमा करने के लिए लोगों को अब और ज्यादा समय मिल सकता है। इसके लिए बिहार विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त नियमावली, 2012 में बदलाव किया जा रहा है। अभी 45 दिन का समय दिया गया था लेकिन अब इसे बढ़ाकर तीन से साढ़े चार महीने तक बढ़ाया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा था कि कागजात जमा करने के लिए लोगों को तीन महीने तक का समय दिया जाएगा। लेकिन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इसे और बढ़ाकर चार या साढ़े चार महीने कर देना चाहिए। बिहार विशेष सर्वेक्षण के तहत लोगों को जमीन के कागजात के साथ एक स्व-घोषणा पत्र भी जमा करना होता है। इसको लेकर सरकार भी समझ रही है कि सर्वे में सबसे बड़ी बाधा स्वघोषणा पत्र ही है। लिहाजा इस पर भी विचार हो रहा है। सरकार का मानना है कि ज्यादा समय मिलने पर ज्यादातर लोग अपने कागजात समय पर जमा कर देंगे। इससे जमीन विवादों को सुलझाने में मदद मिलेगी और सर्वे का काम भी तेज़ी से हो सकेगा।
नियमों में बदलाव करने से पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मंजूरी लेनी होगी। यह सर्वेक्षण उनकी एक महत्वाकांक्षी योजना है। वह नहीं चाहते कि समय सीमा बढ़ाने से सर्वे का काम देर से पूरा हो। उनका लक्ष्य 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले सर्वे का काम पूरा करना है। राजस्व विभाग जल्द ही इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार करके सीएमओ को भेजेगा। सीएम से मंजूरी मिलने के बाद इसे मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाएगा। मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद ही नियमों में बदलाव किए जा सकेंगे।






