नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि संसद का शीतकालीन सत्र बहुत उत्पादक होगा और उम्मीद जताई कि इससे भारत की वैश्विक स्थिति को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने संसद के बाहर शीतकालीन सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि संसद के समय का उपयोग और सदन में हमारा व्यवहार ऐसा होना चाहिए जिससे वैश्विक स्तर पर भारत को जो सम्मान मिला है, वह और मजबूत हो। विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 80-90 बार जनता ने जिनको लगातार नकार दिया है, वे ना संसद में चर्चा होने देते हैं, ना लोकतंत्र की भावना का सम्मान करते हैं, ना ही वो लोगों की आकांक्षाओं का कोई महत्व समझते हैं। परिणाम स्वरूप जनता को बार-बार उनको रिजेक्ट करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की शर्त है कि हम जनता की भावनाओं का सम्मान करें और उनकी आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए दिन-रात मेहनत करें। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह बार-बार खासकर विपक्ष के साथियों से आग्रह करते रहे हैं और कुछ विपक्षी बहुत जिम्मेदारी से व्यवहार करते भी हैं। उनकी भी इच्छा रहती है कि सदन में सुचारू रूप से काम हो लेकिन लगातार जिनको जनता ने नकार दिया है, वे अपने साथियों की बात को भी दबा देते थे, उनकी भावनाओं का भी अनादर करते थे, लोकतंत्र की भावनाओं का अनादर करते थे।

संसद का पहला दिन हंगामे की भेंट चढ़ा
नई दिल्ली । संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हुआ, लेकिन कार्यवाही शुरू होते ही यह विपक्ष के हंगामें की भेंट चढ़ गई। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी समेत कई अन्य विपक्षी दलों ने संभल में मारे गए मुस्लिम उपद्रवियों के लिए कथित न्याय की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। राहुल गांधी ने तो अडानी को लेकर हंगामा खड़ा करने की कोशिशें की। विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा को पहले एक घंटे और फिर 27 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया। संसदीय प्रक्रिया को नजरअंदाज करते हुए विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर तत्काल चर्चा करने पर अड़ा हुआ था। हालांकि, स्पीकर ओम बिरला ने हंगामे के चलते सदन को ही स्थगित कर दिया।





