मुंबई । भारत का लोकप्रिय डिजिटल पेमेंट सिस्टम यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) अब कतर में भी शुरू हो गया है। यह सुविधा एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) और कतर नेशनल बैंक (क्यूएनबी) के बीच हुई साझेदारी के तहत शुरू की गई है। इसके अंतर्गत अब क्यूएनबी के प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनों पर भारतीय यूपीआई ऐप्स के जरिए क्यूआर कोड स्कैन कर पेमेंट किया जा सकेगा।
इस सेवा की शुरुआत कतर ड्यूटी फ्री से हुई है, जो यूपीआई स्वीकार करने वाला पहला मर्चेंट बना है। कतर जाने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों में भारतीयों की संख्या काफी अधिक है, और अब उन्हें करेंसी एक्सचेंज या कैश ले जाने की परेशानी नहीं होगी। अब भारतीय यात्री दुकानों, रेस्टोरेंट्स और टूरिस्ट स्थानों पर मोबाइल से तुरंत और सुरक्षित पेमेंट कर सकेंगे। यह सुविधा न केवल यात्रियों के लिए फायदेमंद है, बल्कि कतर की अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचाएगी।


