संताल एक्सप्रेस ब्यूरो
पाकुड़। मालदा जिला परिषद अध्यक्ष पद को लेकर पश्चिम बंगाल में जारी राजनीतिक खींचतान के बीच शुक्रवार देर रात पाकुड़ में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कथित अपहरण की सूचना पर मालदा पुलिस की टीम पाकुड़ के एक होटल पहुंची। होटल में मालदा जिला परिषद के 26 नवनिर्वाचित सदस्य ठहरे हुए थे। पुलिस के पहुंचते ही सदस्यों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हुई।जानकारी के अनुसार, मालदा पुलिस को सूचना मिली थी कि जिला परिषद के कुछ नवनिर्वाचित सदस्यों को कथित रूप से जबरन बंधक बनाकर पाकुड़ लाया गया है। इसी सूचना के आधार पर मालदा पुलिस की टीम पाकुड़ पहुंची और स्थानीय पुलिस की सहायता से होटल में ठहरे सदस्यों से पूछताछ की। पुलिस द्वारा सदस्यों को अपने साथ ले जाने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई।हालांकि, होटल में मौजूद जिला परिषद सदस्यों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और बंधक बनाए जाने के आरोप को पूरी तरह खारिज कर दिया।
सदस्यों का कहना था कि वे अपनी इच्छा से पाकुड़ आए हैं और उन्हें किसी ने बंधक नहीं बनाया है।बताया गया कि होटल में कांग्रेस के पांच तथा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 19 समेत कुल 26 नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य ठहरे हुए हैं। सभी सदस्य जिला परिषद अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार के समर्थन में एकजुट बताए जा रहे हैं।मालदा जिला परिषद में कुल 43 सीटें हैं। चुनाव परिणाम में टीएमसी ने 34, कांग्रेस ने पांच और भाजपा ने चार सीटों पर जीत दर्ज की थी। चुनाव परिणाम के बाद जिला परिषद अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 26 सदस्यों के एक साथ पाकुड़ पहुंचकर होटल में ठहरने से राजनीतिक हलचल और बढ़ गई।होटल में विवाद की सूचना मिलने पर पाकुड़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद को शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। घटना के बाद होटल के बाहर पश्चिम बंगाल पुलिस के जवान तैनात रहे, जबकि पाकुड़ पुलिस भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखती रही।देर रात तक होटल के बाहर पुलिस बल की मौजूदगी और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के जुटने से माहौल गरमाया रहा।फिलहाल स्थिति शांत है और सभी 26 जिला परिषद सदस्य पाकुड़ के होटल में ही ठहरे हुए बताए जा रहे हैं। मामले को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस की कार्रवाई और मालदा जिला परिषद अध्यक्ष पद को लेकर चल रही राजनीतिक गतिविधियां चर्चा में हैं।


