जामताड़ा। रेलवे नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आरपीएफ ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। जनशताब्दी एक्सप्रेस की एसएलआर (लगेज) बोगी में बिना अनुमति यात्रा कर रहे दो लोगों को जवानों ने पकड़ लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति भागने में सफल रहा। जामताड़ा स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही आरपीएफ जवानों ने इंजन के पीछे लगी लगेज बोगी की जांच की। इस दौरान दोनों पकड़े गए यात्रियों से निर्धारित पेनाल्टी वसूलने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं, जांच के दौरान एक यात्री एसी कोच के शौचालय में छिप गया, लेकिन जवानों ने उसे भी खोज निकाला।

दूसरी ओर, स्टेशन परिसर में धूम्रपान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को पकड़ा गया। रेलवे नियमों के तहत प्रत्येक से 200 रुपये के हिसाब से कुल एक हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। आरपीएफ ने स्पष्ट किया कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में नियम विरुद्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



