हनवारा / गोड्डा : जिले में घना कुहासा व ठंड से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हालांकि यह ठंड कड़ाके की ठंड में 15 जनवरी से बदलने की संभावना जतायी गयी है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना जतायी गयी है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस रेकार्ड किया गया है। पूरे दिन बादलों के बीच सूर्य के लुकाछिपी की वजह से धूप नहीं निकली। जिसके कारण पूरे दिन ठंड का असर बना रहा। ठंड का सबसे ज्यादा असर बच्चों व वृद्धों पर पड़ रहा है। बच्चे व वृद्ध अधिक संख्या में बीमार पड़ रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों को स्कूल पहुंचने में सुबह में परेशानी उठानी पड़ रही है। इतनी ठंड के बावजूद अभी भी कई निजी स्कूलों का संचालन सुबह 8 बजे से ही हो रहा है। कई अभिभावकों ने स्कूल के टाइमिंग में बदलाव की मांग की है। मजदूर व किसानों की ठंड ने बढ़ा दी है परेशानी ठंड की वह से मजदूरों को काम करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे मौसम में मजदूरों को पानी के संपर्क में पूरे दिन रहने की वजह से बीमार पड़ रहे हैं। यही हाल किसानों का भी है. किसान खेत में काम करने में ठंड के बीच अक्षम साबित हो रहे हैं।
बधवार से तापमान में और अधिक आयेगी गिरावट
जिले में मंगलवार से कड़ाके की ठंड से लोगों को दो चार होना होगा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आयेगी. ऐसे में जब अभी लोगों ठंड से इतनी परेशानी हो रही है तो और अधिक ठंड पड़ने पर क्या स्थिति होगी. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से तीन-चार दिनों तक काड़ाके की ठंड पड़ेगी। गरीबों के बीच कंबल का वितरण नहीं हो सका। गोडडा जिला प्रशासन की ओर से अब तक महागामा प्रखंड के गरीबों के बीच कंबल का वितरण शुरू नहीं किया जा सका है। ऐसे में फुटपाथ पर रहने वाले लोगों की दिन तो किसी तरह कट जा रही है लेकिन रात काटना मुश्किल साबित हो रहा है। अलाव की व्यवस्था भी ग्रामीण क्षेत्र में अब तक नहीं हो सकी है। बताया जाता है कि जिला से फंड उपलब्ध नहीं होने के कारण अलाव नहीं जल रहा है। हालांकि शहरी क्षेत्र में नगर निगम प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था किये जाने से बहुत हद तक लोगों को राहत मिली है।



