देवघर संताल एक्सप्रेस:-भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उनके मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही क्रिकेट प्रेमियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ईशान किशन भारतीय क्रिकेट जगत का जाना-पहचाना चेहरा हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और शानदार विकेटकीपिंग के लिए मशहूर ईशान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई यादगार उपलब्धियां हासिल की हैं। विशेष रूप से बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मुकाबले में महज 126 गेंदों पर 200 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर उन्होंने क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
क्रिकेट के मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दर्शकों का दिल जीतने वाले ईशान किशन बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ नजर आए। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
गौरतलब है कि बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यहां प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु और कई चर्चित हस्तियां दर्शन-पूजन के लिए पहुंचती हैं। ईशान किशन का देवघर आगमन भी शहर में चर्चा का विषय बना रहा।




