नई दिल्ली । गाड़ियों की कम माइलेज और इंजन से जुड़ी शिकायतों के बीच, कर्नाटक में पेट्रोल में एथेनॉल की तय सीमा से अधिक मात्रा का एक बड़ा मामला सामने आया है। राज्य सरकार ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के बेंगलुरु स्थित टर्मिनल को नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा है, क्योंकि जांच किए गए 14 पेट्रोल सैंपलों में से 11 में एथेनॉल 20 प्रतिशत की तय सीमा से ज्यादा पाया गया है। राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री के अनुसार, कर्नाटक के लीगल मेट्रोलॉजी विभाग ने 25 नवंबर को बेंगलुरु के देवनागोंथी स्थित आईओसी टर्मिनल की जांच की थी। इस जांच में पेट्रोल और एथेनॉल की आपूर्ति मापने वाले मास फ्लो मीटरों में गंभीर गड़बड़ी पाई गई।
जांच में सामने आया कि एथेनॉल की सप्लाई में हर 3,000 लीटर पर 14 लीटर ज्यादा मात्रा दर्ज की गई, जबकि पेट्रोल की सप्लाई में इतनी ही मात्रा पर 4 से 6 लीटर की कमी पाई गई। एक अन्य मीटर में भी हर 3,000 लीटर पर 3 लीटर एथेनॉल ज्यादा देने की बात सामने आई। सरकार का कहना है कि ये अंतर मानकों से कहीं बाहर हैं, जिसके आधार पर आईओसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। आईओसी को उन मीटरों का इस्तेमाल रोकने का निर्देश भी दिया गया है जब तक उनकी जांच पूरी नहीं हो जाती। यह मामला सिर्फ टर्मिनल पर मीटरों की गड़बड़ी तक सीमित नहीं है। इससे पहले, कर्नाटक सरकार ने राज्य के 7 जिलों के पेट्रोल पंपों से 14 सैंपल एकत्र कर एनएबीएल से मान्यता प्राप्त लैब में जांच कराई थी। इन जांचों में 11 सैंपलों में एथेनॉल की मात्रा 20 प्रतिशत की तय सीमा से अधिक मिली। जांच में सबसे ज्यादा 31.2 प्रतिशत एथेनॉल एक आईओसी के पेट्रोल सैंपल में पाया गया, जबकि कुछ अन्य सैंपलों में यह मात्रा 25 से 30 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई। कुल सैंपलों में एथेनॉल की मात्रा 13.5 प्रतिशत से 31.2 प्रतिशत तक रही। ई20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल की अधिकतम तय सीमा होती है। कर्नाटक सरकार का सवाल है कि जब सीमा 20 प्रतिशत है, तो जांच में इससे ज्यादा एथेनॉल कैसे मिल रहा है? राज्य सरकार का कहना है कि जरूरत से ज्यादा एथेनॉल मिलने पर गाड़ियों की माइलेज घटने के साथ-साथ उनके कुछ पुर्जों पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है। दूसरी ओर, आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने कर्नाटक सरकार के इन जांच नतीजों पर सवाल उठाए हैं। कंपनियों का दावा है कि राज्य की ओर से सामने रखे गए आंकड़े तय तकनीकी और कानूनी प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं हैं। फिलहाल, यह मामला राज्य सरकार और तेल कंपनियों के बीच जांच के नतीजों को लेकर एक बड़े विवाद का रूप ले चुका है।




