लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा ने पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है और अपने विजय रथ के संभावित रोड़ों की तलाश में जुट गई है। पार्टी के हालिया आंतरिक सर्वेक्षणों ने संकेत दिया है कि 100 से अधिक मौजूदा विधायकों और कई मंत्रियों की छवि जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं में बेहद खराब है। ऐसे में आगामी चुनावों में उनके टिकट कटने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी चुनावों में बड़ी संख्या में नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। चुनावी तैयारियों में जुटी भाजपा चौतरफा बिसात बिछा रही है। पार्टी द्वारा कराए गए सर्वेक्षणों में विधायकों और कई मंत्रियों के प्रति खासी नाराजगी सामने आई है। इसमें पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई कैबिनेट, स्वतंत्र प्रभार और राज्यमंत्री शामिल हैं। कुछ मंत्री अपनी मौजूदा सीटों पर हार के डर से सीट बदलने की भी कोशिश कर रहे हैं।
पार्टी नेतृत्व मौजूदा विधायकों और मंत्रियों के 35 से 40 प्रतिशत तक टिकट काट सकता है। इस फैसले के पीछे मुख्य सोच यह है कि विधायकों-मंत्रियों के प्रति स्थानीय स्तर पर पनपी एंटी-इंकम्बैंसी पार्टी के प्रदर्शन पर भारी न पड़ जाए। नेतृत्व का मानना है कि यदि चेहरे बदल दिए जाएं तो जनता की नाराजगी काफी हद तक दूर हो सकती है, क्योंकि अक्सर लोगों की दिक्कत पार्टी से नहीं बल्कि स्थानीय प्रतिनिधियों से होती है। भाजपा इस बार सीटवार जातिगत गुणा-गणित और सामाजिक समीकरणों को साधने पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रत्याशी चयन में जिताऊ उम्मीदवार के साथ ही सामाजिक संतुलन का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। पार्टी दूसरे दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और चंद्रशेखर-ओवैसी गठबंधन के उम्मीदवारों पर भी पैनी नजर रख रही है, क्योंकि यह गठबंधन प्रदेश की कई सीटों का सियासी समीकरण बदल सकता है।
भारतीय जनता पार्टी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रभावी सोशल इंजीनियरिंग के दम पर 312 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। हालांकि, 2022 में यह आंकड़ा 255 पर आ गया और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटें 66 से घटकर 33 रह गईं, जिससे पार्टी की सोशल इंजीनियरिंग में कुछ बिखराव स्पष्ट हुआ। इसी को दुरुस्त करने के लिए पार्टी ने अब विकल्पों की तलाश भी शुरू कर दी है। विशेष रूप से उन सीटों पर ध्यान दिया जा रहा है जहां वह दूसरे नंबर पर रही या बहुत कम अंतर से हारी। इन सीटों पर भी जिताऊ चेहरे खोजे जा रहे हैं। उधर, जिन विधायकों और मंत्रियों को अपने टिकट कटने का अहसास हो गया है, उनकी नींद उड़ी हुई है और वे अब मैनेजमेंट में जुट गए हैं।




