श्रीनगर । सोशल मीडिया पर पवित्र शेषनाग झील के पास जेसीबी मशीनें चलने का वीडियो सामने आने के बाद पर्यावरणीय और धार्मिक चिंताओं पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर स्थित यह झील केवल एक पर्यटक स्थल नहीं, बल्कि अमरनाथ इलाके के हिमालयी इकोसिस्टम का एक बेहद अहम हिस्सा है। इस विवाद पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं।
हाल ही में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को शेषनाग झील की ओर जाते समय पुलिस ने चंदनवाड़ी में रोक दिया, जो इस मुद्दे की गंभीरता को दर्शाता है। इस पूरे विवाद पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का कहना है कि काम केवल मौजूदा ट्रैक को सुरक्षित और यात्रियों के लिए अधिक सुगम बनाने के लिए किया जा रहा है। बीआरओ ने यह भी कहा कि काम सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों के तहत किया जा रहा है। संगठन के मुताबिक, खुदाई से निकलने वाले मलबे का सुरक्षित निपटान, प्राकृतिक जल निकासी की सुरक्षा और आसपास की जमीन को कम से कम नुकसान पहुंचाने के उपाय किए जा रहे हैं। राजनीति से इतर, बड़ा सवाल यह है कि आखिर अमरनाथ यात्रा मार्ग पर धार्मिक महत्व रखने वाली यह झील इस पूरे इलाके के इकोसिस्टम के लिए क्यों इतनी जरूरी है। समुद्र तल से करीब 3,590 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह झील ग्लेशियरों और बर्फ के पिघलने से मिलने वाले पानी पर निर्भर करती है। इसके आसपास ऊंची पहाड़ियां, बर्फ, चट्टानें और ढीली मिट्टी मौजूद हैं। यहां की जमीन में मोरेन नाम के ढीले जमाव भी हैं, जो ग्लेशियरों के पीछे छोड़े गए पत्थरों, बजरी, रेत और मिट्टी के मिश्रण से बनते हैं। पर्यावरणविदों का कहना है कि अगर इस झील के पास भारी मशीनें चलाई जाती हैं, खुदाई होती है या निर्माण गतिविधियां बढ़ती हैं, तो इसका असर सिर्फ झील के पानी तक सीमित नहीं रहेगा।
मिट्टी, जलीय जीवों, वनस्पतियों, पहाड़ी ढलानों और नीचे की ओर बहने वाले जलस्रोतों पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ सकता है। बाकी जगहों की तुलना में ऐसी सतह पर भारी मशीनों से खुदाई और कटाई करने पर मिट्टी और पत्थरों के खिसकने का खतरा ज्यादा होता है। इस तरह की खुदाई की वजह से बड़ी मात्रा में मिट्टी, रेत और छोटे पत्थर निकलते हैं। अगर ये मलबा झील के पास जमा होगा, तो बारिश, हवा और पानी के बहाव से यह झील में इकट्ठा हो सकता है। पानी में तलछट बढ़ जाएगी, पानी गंदा होगा, जिससे पानी के कई शैवाल और छोटे जीवों पर असर पड़ेगा। इस कटाई या सड़क चौड़ी करने के काम से झील तक पानी पहुंचने का रास्ता अवरुद्ध हो सकता है और इससे बहाव में बदलाव आ सकता है। इसका असर सिर्फ शेषनाग झील तक सीमित नहीं रहेगा। शेषनाग और आसपास के ग्लेशियरों का जलग्रहण क्षेत्र लिद्दर घाटी की नदियों और धाराओं से जुड़ा है, जिस पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। शेषनाग के आसपास की जमीन में ढीले पत्थर और मिट्टी मौजूद हैं।
भारी मशीनों के वजन, खुदाई और जमीन को समतल करने से इनकी प्राकृतिक संरचना प्रभावित हो सकती है, जिससे ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड का जोखिम भी बढ़ जाता है। ऐसा तब हो सकता है जब झील के पानी को रोकने वाला प्राकृतिक बांध कमजोर हो जाए या टूट जाए। शेषनाग जम्मू-कश्मीर की उन 14 हिमनदीय झीलों में शामिल है, जिन्हें उच्च जोखिम वाली झीलों के रूप में चिह्नित किया गया है। इसके अतिरिक्त, शेषनाग के आसपास के इलाके में कई हिमालयी वन्यजीव जैसे भूरा भालू, आइबेक्स और हिम तेंदुआ रहते हैं। मशीनों का शोर, लगातार मानवीय गतिविधियां, सड़क निर्माण और प्राकृतिक आवास में बदलाव से इन जीवों की आवाजाही और भोजन तलाशने की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। निर्माण के कारण उनके रहने और प्रजनन के लिए जरूरी शांत वातावरण भी बाधित हो सकता है।




