हाथरस । कोतवाली चांपा क्षेत्र के आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव मितई के पास शुक्रवार देर शाम एक रोडवेज बस और टाटा मैजिक गाड़ी में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हुई जिसमें 17 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 7 पुरुष, 4 महिलाएं, 6 बच्चे शामिल हैं। इस घटना को लेकर प्रशासन जांच पड़ताल कर रहा है। प्राथमिक जांच में कुछ चौंकाने वाले कारण सामने आए है। अलीगढ़ कमिश्नर चैत्रा वी ने हादसे का कारण बताते हुए कहा कि बारिश के कारण फिसलन हुई। सड़क पर कीचड़ या तेल हो सकता है। प्रथम दृष्टता इसकी वजह से हादसा होना प्रतीत हो रहा है। इसकी अभी विस्तृत जांच रिपोर्ट जाएगी तभी बता पाएंगे।
कोतवाली चांपा क्षेत्र के आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव मितई के पास शुक्रवार देर शाम एक रोडवेज बस और टाटा मैजिक गाड़ी में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला प्रशासन ने घायलों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल भेजा। सूचना के बाद अलीगढ़ कमिश्नर चैत्रा वी और आईजी शलभ माथुर भी घटना स्थल पर जानकारी जुटाना के बाद जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कुछ घायलों से उनका हाल-चाल जाना। हादसे में मरने वाले सभी लोग आगरा जिले के खंदौली क्षेत्र के गांव सेमरा के रहने वाले हैं। ये एक टाटा मैजिक गाड़ी में सवार होकर गमी भोज में शामिल होने के लिए हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र के गांव मुकंदपुर में आए हुए थे। देर शाम सभी लोग वापस आगरा लौट रहे थे। आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव मिताई के पास आगरा से आ रही रोडवेज बस और टाटा मैजिक गाड़ी में भीषण भिड़ंत हो गई। रोडवेज बस और टाटा मैजिक की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि टाटा मैजिक गाड़ी में सवार सभी लोग सड़क और खेतों में तिनके की तरह बिखर गए। हादसे को देखकर मौके पर लगी स्थानीय लोगों की भीड़ ने सभी की मदद करने का प्रयास किया।






