गिरिडीह । गिरिडीह न्यू पुलिस लाइन में चल रहे उत्पाद पुलिस बहाली की दौड़ में शुक्रवार को भी 25 से अधिक अभ्यर्थी अचेत होकर गिर पड़े। बीते दो दिनो में 50 से अधिक अभ्यर्थी दोड़ के दौरान बेहोश होकर गिरे हैं। आनन-फानन में सभी को सदर अस्पताल लाया गया। अभ्यर्थियों के साथ आए परिजनों ने अस्पताल की अव्यवस्था पर सवाल खड़ा किया। एक ही बेड पर दो से तीन अभ्यर्थियों को सुला दिया जा रहा था और ठीक से इलाज भी नहीं किया जा रहा था।
सिविल सर्जन डॉ. एस पी मिश्रा ने शुक्रवार को अस्पताल के निरीक्षण में पाया कि अभ्यर्थियों का ठीक से इलाज नहीं हो रहा था। इसको लेकर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त निर्देश दिया। इस बाबत अभ्यर्थी के परिजनों ने सीएस से कहा कि सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। पंखा नहीं रहने के कारण परेशानी हो रही है। सही से इलाज भी नहीं किया जा रहा है।
इस बाबत सिविल सर्जन डॉक्टर शिव प्रसाद मिश्र ने बताया कि थोड़ी सी परेशानी हुई है लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से अलर्ट कर दिया गया है। बताया कि पहले बेड ऊपर के तले पर लगाया गया था लेकिन अब नीचे ही बरामदा आदि पर इसे शिफ्ट कर दिया गया है। घायल युवकों को स्वास्थ्य के लिए अब परेशानी नहीं होगी। बेहतर उपचार किया जाएगा। मेन गेट पर भी मेडिकल कर्मी की नियुक्ति कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को भी 28 अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर गये थे ।






