पलामू । पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बैरिया में बाजार समिति गेट के सामने एक मकान में एक महिला का शव बुधवार सुबह फंदे पर लटका मिला। महिला पति से अलग दूसरे कमरे में बच्चों के साथ सोई हुई थी।
मां को फंदे पर लटका देख बच्चे के रोने पर घटना की जानकारी बुधवार सुबह तीन बजे के बाद हुई। परिजनों ने घटना की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को दी। पुलिस जांच में जुटी है। महिला की पहचान पूजा देवी (30) पति अमित कुमार के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर महिला के पिता नगर ऊंटारी निवासी भरत कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। पिता नगर ऊंटारी के एसडीओ के ड्राइवर हैं।
जानकारी के अनुसार हर दिन की तरह पूजा देवी अपने दो बच्चे एक बेटे एवं एक बेटी को लेकर अलग कमरे में सोई थी। सुबह करीब 3:00 बजे बेटे ने मां के शव को फंदे पर लटका देखा। रोने पर पति सहित घर के अन्य सदस्यों की नींद खुली। बाद में करीब साढ़े तीन बजे इसकी सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फंदे को काटकर शव को उतारा।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार पति-पत्नी के बीच बातचीत नहीं होती थी। लंबे समय से दोनों अलग-अलग कमरे में सोते थे। पति की रेडमा में दवा की दुकान है। पति के शराब पीने पर पत्नी विरोध करती थी। पारिवारिक विवाद भी सामने आया है। हालांकि दोनों ने पिछले दिनों छठ पर्व साथ में किया था।
शहर थाना पुलिस मामले को जांच कर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अनुसंधान में महिला के शरीर पर किसी तरह के मारपीट के निशान नहीं पाए गए हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सुबह आठ बजे मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।






