गेहूं की बुवाई से पहले खाद का संकट होगा दूर
नई दिल्ली । भारत में गेहूं की बुवाई से पहले डीएपी और एनपीके खाद का संकट है। इसकी वजह से किसानों को रात-रातभर डीएपी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। दरअसल यूक्रेन और गाजा युद्ध की वजह से दुनिया में पेट्रोलियम आधारित रासायनिक खादों की भारी किल्लत हो गई है। संकट की इस घड़ी में पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से गुहार लगाई थी। अब पुतिन ने भारत को तत्काल फर्टिलाइजर भेजने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने भारत को महान देश बताया और कहा कि वह ग्लोबल सुपरपावर बनने का हकदार है। रूस दुनिया के उन सबसे बड़े देशों में शामिल है जो नाइट्रोजन, पोटाश और फास्फोरस का निर्यात करता है। रूस से सप्लाई में बाधा आने की वजह से खादों की कीमत बढ़ रही है। इस संकट को देखते हुए हाल ही में पीएम मोदी ने रूस यात्रा के दौरान पुतिन से गुहार लगाई थी कि वह डीएपी और अन्य खादों की सप्लाई तत्काल सुनिश्चित कराने में मदद करें। इसके बाद अब पुतिन ने बड़ा ऐलान कर दिया है। पुतिन ने कहा कि पीएम मोदी ने मेरा ध्यान इस तथ्य की ओर कराया था कि भारतीय किसानों के लिए तत्काल फर्टिलाइजर की मात्रा और संख्या को बढ़ाने की जरूरत है।
भारतीय किसानों की जरूरत को देखते हुए सप्लाई बढ़ाने को तैयार रूस
पुतिन ने कहा, हमने यह कर दिखाया है और भारतीय किसानों की जरूरत को देखते हुए इसकी सप्लाई बढ़ाने के लिए तैयार हैं। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत दशकों से हमारा साझीदार है। उन्होंने कहा, मैं समझता हूं कि भारत की आजादी में सोवियत संघ की भूमिका से सभी परिचित हैं और किस तरह से हमने दशकों से भारतीय लोगों की मदद की है। इस दौरान दोनों देशों के बीच एक विशेष भरोसा पैदा हुआ है। हम भारत के साथ हर क्षेत्र में रिश्ते विकसित कर रहे हैं।
भारत में एलएनजी से सप्लाई करेग रूस
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि हम एलएनजी की सप्लाई पर काम कर रहे हैं और परमाणु प्लांट भारत में लगा रहे हैं। हम पीएम मोदी का बहुत सम्मान करते हैं जो भारत में निर्माण पर जोर दे रहे हैं। हम भारत में निवेश को तैयार हैं। ऊर्जा के क्षेत्र में भारत में रूस ने 20 अरब डॉलर का निवेश किया है। भारत तेजी से विकास कर रहा है।






