नई दिल्ली । मारुति सुजुकी के दबदबे के साथ उसकी गाड़ियों का जलवा विदेशी बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में कंपनी की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर मारुति सुजुकी फ्रोंक्स ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। निर्यात के मामले में इस गाड़ी ने 2 लाख यूनिट्स का आंकड़ा पार कर लिया है, और यह उपलब्धि निर्यात शुरू होने के महज 38 महीनों से भी कम समय में हासिल की गई है। इसके साथ ही, फ्रोंक्स भारत से सबसे तेजी से 2 लाख एक्सपोर्ट का आंकड़ा छूने वाली देश की पहली एसयूवी बन गई है, जो भारतीय इंजीनियरिंग की उत्कृष्टता का प्रमाण है।
मारुति सुजुकी ने जून 2023 में फ्रोंक्स का निर्यात शुरू किया था, और बहुत जल्द ही इस मेड-इन-इंडिया एसयूवी ने दुनिया भर के लगभग 90 देशों में अपनी अलग पहचान बना ली। घरेलू और विदेशी दोनों बाजारों की जरूरतों को पूरा करने के लिए इसका उत्पादन गुजरात के हंसलपुर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में किया जा रहा है। फ्रोंक्स की निर्यात वृद्धि में इसकी रफ्तार बेहद दिलचस्प रही है; जहां पहले 1 लाख यूनिट्स के निर्यात में लगभग 25 महीने लगे, वहीं अगले 1 लाख यूनिट्स सिर्फ 13 महीनों में निर्यात कर दिए गए, जो वैश्विक बाजार में इसकी बढ़ती मांग को दर्शाता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 से ही मारुति सुजुकी फ्रोंक्स भारत की सबसे ज्यादा निर्यात होने वाली पैसेंजर व्हीकल बनी हुई है, जिसने कंपनी की कुल विदेशी बिक्री को बढ़ाने में अहम योगदान दिया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


