नई दिल्ली । देश के सर्राफा बाजारों और कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) दोनों पर गुरुवार को सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे खरीदारी का बेहतरीन अवसर बन गया है। कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स पर 10 ग्राम सोना 1829 रुपए टूटकर 1,44,250 रुपए पर आ गया। वहीं, चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट देखने को मिली, जो 5504 रुपए फिसलकर 2,03,664 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,300 की गिरावट के साथ 1,49,000 रुपए प्रति 10 ग्राम (करों सहित) पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,50,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसी तरह लगातार दो सत्रों तक स्थिरता के बाद चांदी में भी बड़ी टूट दर्ज की गई। चांदी 1,600 सस्ती होकर 2,13,400 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोमवार को इसका भाव 2,15,000 रुपए प्रति किलोग्राम था। कीमती धातुओं की कीमतों में इस बड़ी गिरावट का मुख्य कारण मजबूत होता भारतीय रुपया, वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें बताई जा रही हैं। यह स्थिति निवेशकों को सतर्कता के साथ खरीदारी का मौका दे रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


