पटना । जनता दल (यूनाइटेड) ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर मोकामा के विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी (पूर्व विधायक) को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इस कार्रवाई के तुरंत बाद अनंत सिंह का आक्रामक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि अब पार्टी को औकात पता चलेगा, और उसे कुत्ता भी नहीं पूछेगा। उन्होंने जेडीयू के मौजूदा नेतृत्व पर भी तंज कसते हुए कहा कि केकड़ा-बिच्छु सब पार्टी का मालिक बन गया है।
बाहुबली छवि के अनंत सिंह ने साफ किया कि उन्हें पार्टी से निकाले जाने का कोई अफसोस नहीं है और वे अपने स्टैंड पर कायम हैं। उन्होंने कहा, पार्टी उनका है, हमको कोई एतराज नहीं है। हम कहने भी नहीं जा रहे हैं कि हमको रखिए। हमको कोई दिक्कत नहीं है। हम उचित काम किए हैं। उचित पर पार्टी निकालता है तो इस पर हमको कुछ नहीं कहना है। अनंत सिंह ने आगे कहा कि वे अपनी बातों पर अभी भी कायम हैं। उन्होंने नीतीश कुमार के प्रति सम्मान बनाए रखने की बात कही, लेकिन यह भी जोड़ा कि आज नीतीश कुमार बेचारे कुछ नहीं हैं, और अगर वे प्रभावी होते तो उन्हें कोई पार्टी से नहीं निकाल पाता। सिंह ने भविष्यवाणी की कि जेडीयू को अगले चुनाव में 15 नहीं, बल्कि 12 सीट भी नहीं मिलेंगी। उन्होंने मौजूदा मंत्रियों और पार्टी के भीतर के लोगों को केकड़ा-बिच्छु बताते हुए कहा कि इन लोगों को जल्द ही अपनी औकात पता चल जाएगी।
अनंत सिंह से जब पूछा गया कि आपको पार्टी से निकालने के फैसले के पीछे कौन हो सकता है? इसपर उन्होंने कहा कि जो पार्टी का मालिक होगा, वहीं ना निकालेगा। उन्होंने कहा, हम कोई गलती नहीं किए हैं, गलती सरासर पार्टी किया है। 18 साल से हमको गाली देता रहा तो पार्टी के मुंह में घांव हो गया था। अब पार्टी का मुंह खुला है, तो हमको कोई दिक्कत नहीं है। निकालते हैं तो निकाल दीजिए पार्टी से। अपनी सदस्यता रद्द करने की संभावित कार्रवाई पर भी अनंत सिंह ने बेफिक्री दिखाई, यह कहते हुए कि उन्हें ना मरने का गम है और ना ही जीने की खुशी। उन्होंने पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी भी इसी बार है और पार्टी भी झाल बजाएगा। उन्होंने अभी किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने की योजना तय नहीं की है, लेकिन उन्होंने कहा कि जनता ही मालिक और भगवान है और चुनाव आने पर पार्टी को कुत्ता नहीं पूछेगा।


