◆प्रदूषण नियंत्रण मानकों के उल्लंघन की शिकायतों पर झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दुमका क्षेत्रीय कार्यालय ने लिया संज्ञान
◆बोर्ड के क्षेत्रीय पदाधिकारी ने अधीनस्थ अधिकारी को दिया स्थल निरीक्षण का निर्देश, अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई
विशेष संवाददाता
दुमका। जिले के गोपीकांदर क्षेत्र में संचालित पत्थर खदानों और स्टोन क्रशर इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों के उल्लंघन के शिकायतों की जांच होगी। सोशल मीडिया पर इस संबंध में प्रसारित खबरों पर संज्ञान लेते हुए झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय कार्यालय, दुमका के क्षेत्रीय पदाधिकारी ने मामले की जांच कराने का निर्णय लिया है।
प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी ए.के. सोरेन ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है कि गोपीकांदर क्षेत्र में कुछ स्टोन क्रशर संचालकों द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। हालांकि, शिकायतों में कितनी सच्चाई है, इसका पता स्थल निरीक्षण और जांच के बाद ही चल सकेगा।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने अधीनस्थ पदाधिकारी को संबंधित खदानों और स्टोन क्रशर इकाइयों का स्थल निरीक्षण कर जांच करने का निर्देश दिया गया है। जांच के दौरान प्रदूषण नियंत्रण मानकों के उल्लंघन या किसी प्रकार की अनियमितता की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गोपीकांदर क्षेत्र में पत्थर खनन और क्रशर संचालन के दौरान प्रदूषण नियंत्रण के प्रावधानों का पालन हो रहा है या नहीं, यह जांच का प्रमुख बिंदु होगा। स्थल निरीक्षण के बाद ही संबंधित इकाइयों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब निगाहें जांच और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।


