नई दिल्ली । भारतीय बाजार में चालू महीने में कई नई और शानदार कारें लॉन्च होंगी। देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए जून का महीना खास रहने वाला है। लांच होने वाली कारों में इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) से लेकर इंजन आधारित (आईसीई) कारें शामिल हैं, जिनमें कुछ प्रीमियम और लग्जरी मॉडल भी हैं।
अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो इस बार लॉन्च होने वाली गाड़ियों की यह लिस्ट आपके लिए जरूर मददगार साबित होगी। टाटा मोटर्स की टाटा हैरियर ईवी 3 जून को बाजार में आएगी। यह कार टाटा हैरियर के आईसीई मॉडल की तरह दिखेगी लेकिन इलेक्ट्रिक वाहन के अनुरूप डिजाइन में बदलाव होंगे, जैसे चौड़ी लाइटबार, वर्टिकल हेडलाइट्स, क्लोज्ड ग्रिल और नया बंपर। इसकी रेंज 500 किलोमीटर से अधिक होगी और कीमत लगभग 25 लाख रुपए के आस-पास हो सकती है। एमजी मोटर्स भी अपनी नई साइबरस्टर ईवी लॉन्च करने वाली है। यह दो-दरवाजों वाली स्पोर्ट्स कार है, जो 77केडब्ल्यूएच बैटरी के साथ 443 किलोमीटर तक की रेंज देती है। यह कार मात्र 3.2 सेकेंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी शुरुआती कीमत करीब 50 लाख रुपए होगी। एमजी एम9, एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक एमपीवी, जून में आ रही है।
इस कार में स्लिम एलईडी डीआरएल, वर्टिकल हेडलाइट्स और स्लाइडिंग डोर जैसी खूबियां होंगी। 90केडब्ल्यूएच बैटरी से लैस यह कार 430 किलोमीटर तक चल सकती है और इसकी कीमत लगभग 70 लाख रुपए होगी। इसी महीने मर्सिडीज एएमजी जीटी 63 और जीटी प्रो भी आएंगी, जिनकी कीमतें 3 से 3.5 करोड़ रुपए के बीच रहने की संभावना है। मर्सिडीज-बेंज जून में एएमजी जीटी 63 का स्पेशल एडिशन भी लॉन्च करेगी, जिसमें खास ऑरेंज पेंट और कस्टमाइज्ड इंटीरियर मिलेगा। इसकी कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए हो सकती है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


