नई दिल्ली । हाइब्रिड वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए महिंद्रा एंड महिंद्रा ने एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। आने वाले समय में महिंद्रा कंपनी अपनी कई लोकप्रिय एसयूवी को हाइब्रिड तकनीक के साथ पेश करेगी। इस एसयूवी से ग्राहकों को बेहतर ईंधन दक्षता और लंबी ड्राइविंग रेंज का अनुभव मिलेगा। यह कदम उन्हें इलेक्ट्रिक वाहनों जैसी परफॉर्मेंस देगा, लेकिन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी चिंताओं को कम करेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, महिंद्रा सबसे पहले अपनी बहुप्रतीक्षित एक्सयूवी 7एक्सओ के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन पर काम कर रही है। इस मॉडल में एक पेट्रोल इंजन के साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर और एक बैटरी पैक होगा, जिससे वाहन छोटी दूरी के लिए केवल बिजली पर चल सकेगा। यह शहरी ड्राइविंग के लिए अत्यंत कुशल साबित होगा।इसके अतिरिक्त, कंपनी महिंद्रा एक्सईवी 9ई और महिंद्रा बीई 6 जैसे भविष्य के मॉडलों को भी सीरीज हाइब्रिड तकनीक के साथ लाने की योजना बना रही है। सीरीज हाइब्रिड सिस्टम में इलेक्ट्रिक मोटर ही पहियों को चलाएगी, जबकि एक छोटा पेट्रोल इंजन केवल बैटरी को चार्ज करने का कार्य करेगा, जिससे यह एक तरह से रेंज-एक्सटेंडेड इलेक्ट्रिक वाहन का अनुभव देगा।
महिंद्रा अपने नए और आकर्षक विजन एस कॉन्सेप्ट को भी बाजार में स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड विकल्प के साथ पेश कर सकती है। इस कॉन्सेप्ट को विशेष रूप से ऑफ-रोडिंग क्षमताओं और लंबी यात्राओं के लिए डिजाइन किया गया है, जो साहसिक यात्रियों को लक्षित करेगा। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि महिंद्रा का यह रणनीतिक कदम भारतीय बाजार में हाइब्रिड एसयूवी सेगमेंट को नई मजबूती प्रदान करेगा।


