लखनऊ । बीते 23 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में हुए एनकाउंटर को लेकर नए नए खुलासे हो रहे हैं। इस एनकाउंटर में मारे गए तीनों खालिस्तानी आतंकियों का कनेक्शन लंदन से भी था। जांच और तथ्यों के आधार जो जानकारी आ रही है वो काफी चौंकाने वाली है। खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के आतंकियों की मदद के लिए लंदन से कॉल आई थी। स्थानीय युवक को इन आतंकियों की मदद करने को कहा गया था। ये भी सामने आया है कि जिस शख्स ने कॉल किया था, वो कुछ साल पहले तक ग्रीस में था, वहां से लंदन आया था।
पीलीभीत पुलिस ने सीसीटीवी में नजर आ रहे दोनों युवकों को हिरासत में लिया था, ये दोनों पीलीभीत के ही गजरौला के रहने वाले हैं। इनसे पूछताछ में सामने आया है कि नेट कॉल के जरिए आतंकियों की मदद करने को कहा गया था। सीसीटीवी फुटेज में तीनों आतंकियों के साथ होटल के सीसीटीवी में नजर आ रहे युवक के पास कॉल आया था। बता दें कि बीते 23 दिसंबर की सुबह ये खालिस्तानी आतंकी पंजाब और यूपी पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारे गए थे। पंजाब पुलिस की टीम 756 किलोमीटर तक इन आतंकियों का पीछा करती रही। फिर यूपी पुलिस की मदद से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इसे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ एक बड़ी सफलता बताया था।






