मुंबई । एनसीपी नेता तथा महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले में अब गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई का नाम सामने आया है। बताया गया है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या से पहले शूटर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के संपर्क में थे। हत्या से पहले तीनों संदिग्ध शूटर इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप स्नैपचैट के जरिए अनमोल बिश्नोई से बात कर रहे थे। मुंबई क्राइम ब्रांच ने जानकारी दी है कि अनमोल बिश्नोई कनाडा और अमेरिका में संदिग्ध आरोपियों के संपर्क में था। दरअसल संदिग्धों के पास से चार मोबाइल फोन जब्त किये गये हैं। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस मामले में अब तक 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इसमें दो शूटर और एक हथियार सप्लायर शामिल है। हालांकि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के शूटर शिवकुमार गौतम और अन्य संदिग्ध फरार हैं। जाँच में ये बात सामने आई है कि संदिग्ध स्नैपचैट के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे। साथ ही नोटिफिकेशन मैसेज मिलने के बाद बातचीत को तुरंत डिलीट कर देते थे। पुलिस ने गिरफ्तार संदिग्ध आरोपियों का स्नैपचैट भी चेक किया है। सूत्रों के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच ने घटनास्थल से चार मोबाइल फोन बरामद किए थे। इसे फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा गया। उनकी रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। स्नैपचैट विश्लेषण के माध्यम से बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले में अनमोल बिश्नोई की संलिप्तता पाई गई है।
– संदिग्धों की पुलिस हिरासत बढ़ी
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गिरफ्तार 4 संदिग्धों की पुलिस हिरासत 25 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। पुलिस का आरोप है कि ये सभी जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। संदिग्ध आरोपियों के नाम गुरमेल बलजीत सिंह, धर्मराज राधे कश्यप, प्रवीण लोणकर और हरीशकुमार निषाद हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच ने कहा कि यह अनमोल बिश्नोई के सीधे संपर्क में पाए गए हैं।






