27 से हो रही शुरु, 38 जिले में करेगी कवर, जनवरी में होगा समापन
पटना । आरजेडी की कार्यकर्ता आभार यात्रा के जवाब में अब जदयू कार्यकर्ता समागम करेगी। इसकी शुरुआत शुक्रवार 27 सितंबर से मुजफ्फरपुर से हो रही है। तीन महीने तक चलने वाली यह समागम यात्रा का समापन 20 जनवरी 2025 को नालंदा में किया जाएगा। समागम का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा करेंगे। चार महीनों में राज्य के सभी 38 जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे और फीडबैक भी लेंगे।
कार्यकर्ता समागम में पंचायत से लेकर प्रखंड और जिला स्तर के कार्यकर्ता, पार्टी के पदाधिकारी शामिल होंगे। बंद कमरों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद मनीष जिलों में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भी घूमेंगे। यहां पार्टी के पदाधिकारियों के साथ अलग से मुलाकात करेंगे। मनीष एक जिले में दो दिनों तक रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के अलावा इलाके के बुद्धिजीवियों से भी मिलेंगे। वे उनसे विधायकों के फीडबैक से लेकर सरकार की योजनाओं पर भी चर्चा करेंगे। समागम के बाद वे शिकायत या सुझाव की जानकारी सीएम नीतीश कुमार के साथ साझा करेंगे।
बता दें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहले ही कार्यकर्ता आभार यात्रा निकाल रहे हैं। चरणबद्ध तरीके से वे राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। पहले चरण में समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर चुके हैं। तेजस्वी इस यात्रा में केवल कार्यर्ताओं से मिल रहे हैं। वे उनसे विधानसभा चुनाव को लेकर फीडबैक ले रहे हैं। वीवीआईपी नेताओं को तेजस्वी की इस यात्रा से दूर रखा गया है।






