जरमुंडी। जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरडीहा रोड में बीती रात एक साथ चार घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर अज्ञात चोरों ने बकरा, बकरी, कपड़ा, बर्तन,गहने,जेवर, नगदी समेत लाखों रूपये की परिसंपत्तियों की चोरी कर चंपत हो गए। वार्ड नंबर 02, चोरडीहा रोड निवासी झकसू मंडल, रंजीत भंडारी, सुबोध भंडारी के घर और बुधन रजक की लांड्री में घुसकर बेखौफ चोरों ने न सिर्फ चोरी की घटना को अंजाम दिया,बल्कि जाते समय झकसू मंडल का एक पांठी (बकरी) व एक बकरा तथा बिनोद भंडारी के घर से एक पांठी चुरा ली और सभी को काटकर अपने साथ ले गए। वहीं बेखौफ चोरों ने सुबोध भंडारी के घर का ताला तोड़कर सूने घर में घुसे और आलमारियों को तोड़कर गहने, जेवर,नगदी,बर्तन,कीमती सामान,कपड़े आदि सहित करीब डेढ़ लाख से अधिक मूल्य की परिसंपत्तियों को चुरा ले गए। चोरों ने कपड़ों को भी नहीं छोड़ा।बुधन रजक के लांड्री से चार साड़ियां और 20जोड़ी पैंट शर्ट भी चुराकर ले गए।लांड्री के मालिक पीड़ित बुधन ने बताया कि ग्राहकों ने उसे कपड़े ड्राई क्लीन और सफाई के लिए दिए थे। वहीं बिनोद भंडारी के घर का दरवाजा बाहर से खोलकर चोर घर के अंदर दाखिल हुए और कपड़े, बर्तन समेत एक बकरी ले गए। पीड़ित परिवारों ने बताया कि अहले सुबह करीब चार बजे जब घर के सदस्य उठे तो घर के सामान बिखरे थे। चोरी की जानकारी लोगों को हुई तो लोग जुटे।इसके बाद अन्य घरों में भी चोरी की घटनाओं का पता चला। पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी की वारदात को लेकर सुबह चार बजे ही जरमुंडी थाना को सूचना दी गई। किन्तु पुलिस को पहुंचने में दिन के दस बज गए।पीड़ित परिवारों ने बताया कि यदि पुलिस जल्दी पहुंचती तो हो सकता था चोरों का सुराग ढूंढने में आसान होती।बहरहाल पुलिस पीड़ित परिवार की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


