दुमका। काठीकुण्ड थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की वारदात के विरोध में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् दुमका ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं और विभिन्न कोचिंग संस्थानों के शिक्षकों ने सोनवा दंगल से रसिकपुर चौक तक एक विशाल कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा गया। मार्च में शामिल प्रदर्शनकारियों ने पीड़िता को न्याय दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों को फांसी की सजा देने की पुरजोर मांग की।
———
प्रशासन को चेतावनी, एक गिरफ्तारी पर न सिमटे जांच
कैंडल मार्च के दौरान अभाविप के विभाग संयोजक अभिषेक गुप्ता ने इस घटना को समाज को झकझोर देने वाला बताया। उन्होंने प्रशासन को सचेत करते हुए कहा कि केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी कर मामले को दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। घटना के पीछे छिपे अन्य चेहरों और उनकी भूमिका की भी गहराई से और निष्पक्षता के साथ जांच की जाए। अगर इस वारदात में कोई और भी शामिल है, तो उसे किसी भी हाल में बख्शा न जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पूरे मामले का पूरी पारदर्शिता के साथ पर्दाफाश नहीं हुआ, तो अभाविप उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगी।
———–
नवरात्रि में ऐसी दरिंदगी ने दुमका को किया शर्मसार
जिला संयोजक संजय पाल ने सुरक्षा व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे दुमका को हिलाकर रख दिया है। आज छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के मन में डर का माहौल है। उन्होंने कहा कि एक तरफ पूरा देश नवरात्रि के पावन अवसर पर मां दुर्गा की आराधना कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ एक नाबालिग बेटी के साथ इस तरह का घिनौना कृत्य समाज की कानून-व्यवस्था पर बड़ा धब्बा है। उन्होंने मांग की कि पीड़िता के परिवार को तत्काल सुरक्षा दी जाए और जनप्रतिनिधि भी इस संवेदनशील मामले पर चुप्पी तोड़कर न्याय की इस लड़ाई में आगे आएं।
———–
आंदोलन की दी चेतावनी, छात्र और शिक्षक रहे मौजूद
अभाविप ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही मामले की पारदर्शी जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए, तो संगठन सरकार और प्रशासन के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से बड़ा आंदोलन छेड़ेगा।
इस कैंडल मार्च में मुख्य रूप से विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमन शाह, केशव मिश्रा, अमन सेन, आदित्य जोशी, सुनीता कुमारी, पूजा कुमारी, नेहा कुमारी, रिंकू कुमारी, किरण सोरेन, पूर्णिमा मुर्मू, रिंकी सोरेन, कानून हेमाराम, दीप तिवारी, शिवम यादव, अनुज राय, विकास कुमार, समीर उद्दीन, तप यादव और देव कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न कोचिंग संस्थानों के प्रबुद्ध शिक्षकों में डॉ. वीरेंद्र सर, अमन सर, राजेश सर, कार्तिक सर, विकास, एस.के. मंडल, आशीष, प्रशांत, नवीन और राजकिशोर ने भी शामिल होकर अपनी एकजुटता जताई।


