टोपी पहनकर जैसे ही एयरपोर्ट पर उतरे लोगों ने किया जोरदार स्वागत
ढाका । अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर से सन्यास लेने के बाद पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन नई पारी शुरू करने के लिए शुक्रवार को काठमांडू पहुंचे। धवन यहां नेपाल प्रीमियर लीग (एनपीएल) में भाग लेंगे। उन्हें करनाली याक्स ने अपने साथ जोड़ा है। नेपाल पहुंचे धवन का उत्साही भीड़ ने स्वागत किया। धवन को प्यार से गब्बर के नाम से जाना जाता है, धवन ने नेपाल के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वीआईपी टर्मिनल से बाहर निकलते समय पारंपरिक ढाका टोपी पहनी थी। धवन ने नेपाल पहुंचते ही अपना उत्साह व्यक्त किया और स्थानीय और राष्ट्रीय नेपाली खिलाड़ियों के साथ खेलने के अवसर पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि मैं यहां आकर न केवल प्रतिस्पर्धा करने के लिए बल्कि पशुपतिनाथ मंदिर और माउंट एवरेस्ट जैसे नेपाल के प्रसिद्ध स्थलों का पता लगाने के लिए भी रोमांचित हूं। घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद धवन करनाली याक्स से जुड़े हैं, क्योंकि आईपीएल मेगा नीलामी से पहले पंजाब किंग्स ने उनसे नाता तोड़ लिया था।
एक दशक से ज्यादा के करियर में धवन ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की हैं। वह एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय में 167 मैचों में 6,793 रन बना चुके हैं। उन्होंने टेस्ट करियर में सात शतक लगाए हैं, जबकि टी20 ई प्रारूप में उन्होंने 68 मैचों में 1,759 रन बनाए। घरेलू मोर्चे पर धवन ने 122 प्रथम श्रेणी मैच खेले, जिसमें 8,499 रन बनाए और अपने प्रभावशाली रिकॉर्ड में 25 शतक भी लगाए हैं।
सिराज/ईएमएस 30नवंबर24


