बांग्लादेश से लौटकर भारतीय विदेश सचिव ने संसद की स्थायी समिति से कहा
नई दिल्ली । भारत, बांग्लादेश की अपदस्थ पीएम शेख हसीना द्वारा बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की आलोचना का समर्थन नहीं करता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कांग्रेस नेता शशि थरूर की अध्यक्षता वाली विदेश मामलों की संसद की स्थायी समिति को ब्रीफ करते हुए कहा कि यह मुद्दा भारत-बांग्लादेश संबंधों में एक छोटी सी चुभन है।
रिपोर्ट के मुताबिक विदेश सचिव मिस्री ने कहा कि बांग्लादेश के साथ भारत के संबंध किसी एक राजनीतिक दल या सरकार तक सीमित नहीं हैं और भारत-बांग्लादेश के लोगों पर फोकस करता है। मिस्री ने बताया कि शेख हसीना बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पर टिप्पणी के लिए अपने प्राइवेट कम्यूनिकेशन डिवाइस का इस्तेमाल कर रही थीं और भारत सरकार उन्हें ऐसा करने में कोई मदद नहीं दे रही थी जिससे लगे कि वह भारत की जमीन से राजनीतिक गतिविधियां कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह किसी भी अन्य देश में हस्तक्षेप न करने की भारत की परंपरा का हिस्सा है। मिस्री की यह टिप्पणी इसलिए अहम है क्योंकि भारत में रह रहीं शेख हसीना वीडियो जारी कर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार में मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की आलोचना कर रही है जिसे लेकर बांग्लादेश ने आपत्ति जताई थी।
बांग्लादेश के विदेश सचिव मोहम्मद जसीम उद्दीन ने ढाका दौरे पर गए विदेश सचिव मिस्री से मुलाकात के बाद कहा था कि भारत सरकार को यह कहा गया है कि वह शेख हसीना को बताए कि बांग्लादेश की सरकार को उनका भारत में भाषण देना पसंद नहीं है। उनकी मौजूदगी से दोनों देशों के रिश्तों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
विक्रम मिस्री ने समिति को बताया कि सोमवार को अपनी ढाका यात्रा के दौरान उन्होंने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को बताया कि बांग्लादेश के साथ भारत के संबंध किसी विशेष राजनीतिक पार्टी या किसी विशेष सरकार से कहीं आगे हैं। भारत-बांग्लादेश के लोगों के साथ संबंधों को प्राथमिकता देता है और तत्कालीन सरकार के साथ बातचीत होगी। मिस्री ने कहा कि उनके बांग्लादेश दौरे के बाद संबंधों में सुधार नजर आया है।






