दरभंगा । कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। गुरुवार को मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभद्र शब्द कहने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा बताया जा रहा है। उसने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बनाए गए एक स्वागत मंच से पीएम मोदी की मां के बारे में अपशब्द कहे थे। सार्वजनिक रूप से गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। यह मंच कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद की ओर से तैयार किया गया था, जिन्होंने एक दिन पहले ही माफी भी मांग ली। बुधवार को जिस मंच से प्रधानमंत्री मोदी की मां के बारे में अपशब्द कहे गए, उसे कांग्रेस नेता नौशाद ने तैयार करवाया था। नौशाद जाले से कांग्रेस के टिकट के दावेदर हैं। विवाद होने पर गुरुवार को उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से माफीनामे का वीडियो पोस्ट किया। घटना को लेकर शुक्रवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। स्थिति इतनी बिगड़ी कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। इस विवाद के बाद बीजेपी ने पटना के गांधी मैदान थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। भाजपा प्रवक्ता दानिश इकबाल और कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह ने राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। घटना के बाद से बिहार की सियासत गर्मा गई है। बीजेपी ने राहुल गांधी पर मंच से अशोभनीय भाषा के प्रयोग की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है, जबकि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह भाजपा का राजनीतिक षड्यंत्र है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


