रामबन । कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर में चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। जम्मू-कश्मीर के रामबन की रैली में राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा, बेरोजगारी, बिजली समस्या और देश में फैली नफरत को लेकर अपनी बात शुरु की। राहुल गांधी ने कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार राज्य का दर्जा छीना गया है। एक राज्य को खत्म कर दिया और लोगों के अधिकार छीन लिए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश में बीजेपी और आरएसएस के लोग नफरत और हिंसा फैला रहे हैं। उनका काम नफरत फैलाना है और हमारा काम मोहब्बत फैलाने का है। वह तोड़ते हैं और हम जोड़ते हैं। नफरत को मोहब्बत से ही हराया जा सकता है। आखिर में मोहब्बत की ही जीत होती है। पहले नरेंद्र मोदी छाती फैलाकर आते थे और अब झुककर आते हैं। हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार स्टेटहुड छीना गया है। राहुल गांधी ने रैली में मौजूद जनता से कहा कि आपका राज्य ही नहीं छीना गया है, आपके अधिकार, आपकी संपत्ति, सब कुछ छीना जा रहा है। 1947 में हमने राजाओं को हटाकर लोकतांत्रिक सरकार बनाई, हमने देश को संविधान दिया। आज जम्मू-कश्मीर में राजा हैं, उनका नाम एलजी है। राहुल गांधी ने कहा कि हमारा पहला कदम जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस दिलाना होगा। हम चाहते थे कि चुनाव से पहले आपको राज्य का दर्जा मिले।






