कंपनी का मार्केट कैप घटकर 1,93,875.18 करोड़ हुआ
नई दिल्ली । इंडिगो एयरलाइंस की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के निवेशकों के लिए सोमवार, 8 दिसंबर का दिन मुश्किल भरा रहा। बाजार खुलते ही कंपनी के शेयरों में तेज दबाव आया और बीएसई पर स्टॉक लगभग 7 फीसदी गिरकर 5,015 के इंट्राडे लो पर पहुंच गया। शुक्रवार तक कंपनी का मार्केट कैप 2,07,649.40 करोड़ था, जो सोमवार को घटकर 1,93,875.18 करोड़ रुपए रह गया। निवेशकों को एक दिन में 13,774.22 करोड़ रुपए का नुकसान झेलना पड़ा। शेयरों में गिरावट उस समय आई जब डीजीसीए के सीईओ पीटर एल्बर्स को कारण बताओ नोटिस के जवाब की समयसीमा एक दिन बढ़ाई। एयरलाइन से पूछा गया कि हजारों यात्रियों को प्रभावित करने वाली उड़ानों में देरी और रद्दीकरण क्यों हुआ। डीजीसीए ने बताया कि यह संकट नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियमों को लागू करने में इंडिगो की कमजोर तैयारी के कारण उत्पन्न हुआ। एक ही दिन में 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं, जो भारतीय एविएशन इतिहास में किसी भी एयरलाइन द्वारा एक दिन में सबसे ज्यादा कैंसिलेशन है।


