नई दिल्ली । केंद्र सरकार की जीएसटी काउंसिल ने हेलिकॉप्टर से सीट शेयरिंग बेसिस पर होने वाली यात्रा पर जीएसटी की दर को घटाकर पांच फीसदी कर दिया है। हेलिकॉप्टर से चार्टेड यात्रा पर 18 फीसदी जीएसटी लगता रहेगा। सरकार का यह फैसला करोड़ों श्रद्धालुओं को राहत पहुंचा सकता है, खासकर बुजुर्ग नागरिकों के लिए जिनकी तीर्थयात्रा हेलिकॉप्टर से आसान से पूरी हो जाती है। देश में कई तीर्थस्थलों पर हेलिकॉप्टर से आना-जाना होता है। इनमें माता वैष्णोदेवी, केदारनाथ, गंगोत्री और अमरनाथ यात्रा शामिल हैं। इन पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में कड़ाके की ठंड के बीच बुजुर्गों के लिए पैदल यात्रा करना आसान नहीं होता है।
तीर्थस्थलों पर हेलिकॉप्टर से शेयरिंग बेसिस पर पांच फीसदी जीएसटी लगाने के फैसले के बाद रेवेन्यू सेक्रेटरी का कहना है कि किसी खास तीर्थस्थल के लिए हेलिकॉप्टर सर्विस पर चर्चा नहीं हुई। वहीं, डीजीसीए की ओर से मंजूर फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन के फ्लाइंग ट्रेनिंग कोर्सेज पर जीएसटी नहीं लगाया गया है। माता वैष्णोदेवी में कटरा से सांझीछत तक हेलिकॉप्टर सर्विस का किराया 2100 रुपए है। वहीं, एक ही दिन में आने-जाने का खर्च 4420 रुपए है। यह किराया हिमालयन हेलि सर्विसेज का है। माता वैष्णोदेवी में ग्लोबल वेक्ट्रा हेलिकॉर्प भी सर्विस मुहैया कराती है। इस ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर हेलिकॉप्टर सर्विस के लिए बुकिंग की जा सकती है। शीट शेयरिंग बेसिस पर हेलिकॉप्टर यात्रा पर जीएसटी 18 फीसदी से घटाकर पांच फीसदी किया गया है इसलिए 2100 रुपए के बजाय अब श्रद्धालुओं को कम पैसे चुकाने होंगे।






