नई दिल्ली । जब पूरा देश आतिशबाजी के साथ दीपोत्सव मना रहा था तब दिल्ली का फायर ब्रिगेड अमला जगह जगह की आग बुझाता फिर रहा था। करीब 318 जगह आग लगी,जिसे बुझाने के लिए पूरी रात दमकल शहरभर में दौड़ती रहीं। 31 अक्टूबर को दिल्ली के फायर ब्रिगेड दफ्तर में आग लगने की 318 कॉल आईं। ये कॉल 31 अक्टूबर से लेकर अब तक के बताए जा रहे हैं। यानी ये आंकड़ा 24 घंटे का है। दमकल के मुताबिक इन सभी कॉल्स को देखते हुए गाड़ियां भी भेजी गई थीं। बताया जा रहा है कि द्वारका के छावला इलाके में पटाखे के साथ एक यात्री यात्रा कर रहा था, जब पटाखे में आग लग गई। इसके बाद पटाखे फूटने लगे, जिससे बस में आग भड़क गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके साथ ही दिल्ली में दिवाली के बाद प्रदूषण के लेवल में खतरनाक इजाफा हुआ है। खराब हवा ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में 24 घंटे का औसत प्रदूषण भी बढ़कर 359 पर पहुंच गया है। आतिशबाजी की वजह से दिल्ली का मौसम धुंधला सा हो गया है। दिल्ली का कई जगहों पर पीएम 2।5 का स्तर तय सीमा से कई गुना ज्यादा हो गया है। शुक्रवार सुबह 6 बजे दिल्ली के नेहरू नगर, पटपड़गंज, अशोक विहार और ओखला में एक्यूआई का स्तर 350 से 400 के बीच रहा।
नोएडा: सोसाइटी में मची भगदड़
नोएडा के ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सुपरटेक ईकोविलेज एक सोसाइटी की 17वीं मंजिल पर भी आग लग गई। यह घटना बिसरख पुलिस स्टेशन इलाके की है, जिसमें सोसाइटी के लोग फ्लैट छोड़ नीचे आ गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में ज्ञान खंड 3 के एक फुटवियर की दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में एक फ्लैट भी आग की चपेट में आ गया। फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की और समय रहते वहां फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। शॉर्ट-सर्किट और पटाखों को इस आग का कारण माना जा रहा है।






