लंदन । इंग्लैंड क्रिकेट टीम को इसी माह भारतीय टीम के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज खेलनी है। इस दौरे के लिए इंग्लैंड टीम में शामिल पाकिस्तानी मूल के गेंदबाज साकिब महमूद को अभी तक भारत का वीजा नहीं मिला है। इस कारण साकिब अबू धाबी में टीम के प्रशिक्षण शिविर में शामिल नहीं हो पायेंगे क्योंकि उनका पासपोर्ट वीजा प्रक्रिया के लिए अधिकारियों के पास है। उन्हें हालांकि टीम के खिलाड़ियों के पहले दल के कोलकाता रवाना होने से पहले वीजा मिलने की संभावनाएं हैं। पाक मूल मूल के ही टीम के अन्य खिलाड़ियों रेहान अहमद और आदिल राशीद को भारतीय वीजा मिल गया है।
महमूद ने इंग्लैंड के लिए दो टेस्ट, 9 एकदिवसीय और 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं। इंग्लैंड टीम का भारत दौरा 22 जनवरी को कोलकाता में टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से शुरु होगा।
गौरतब है कि पाक मूल के खिलाड़ियों को पहले भी भारत का वीजा हासिल करने में मुश्किलें आती रही हैं। वहीं इससे पहले इंग्लैंड के स्पिनर शोएब बशीर पिछले साल वीजा मिलने में देरी के कारण हैदराबाद में हुए पहले टेस्ट मैच में शामिल नहीं हो पाये थे। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज पाक मूल के उस्मान ख्वाजा को भी 2023 के भारत दौरे पर देर से वीजा मिला था।


