नई दिल्ली । बीते अप्रैल महीने में स्वदेशी कंपनी बजाज ऑटो का इलेक्ट्रिक स्कूटर चेतक बिक्री के अपने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ चुका है। अप्रैल 2025 में बजाज ऑटो ने इस मॉडल की 19,216 यूनिट्स बेचीं, जो कि पिछले साल अप्रैल 2024 के मुकाबले 8,095 यूनिट्स ज्यादा है। इस तरह इसे 72.79प्रतिशत की सालाना ग्रोथ मिली है। इसके साथ ही चेतक ईवी का कंपनी के घरेलू बिक्री में मार्केट शेयर बढ़कर 10.69प्रतिशत हो गया है, जिसका मतलब है कि हर 10 ग्राहकों में से लगभग 1 ग्राहक इसे खरीद रहा है। इस प्रदर्शन के कारण चेतक ने ओला को नंबर-1 की पोजीशन से पीछे छोड़ दिया है।
चेतक की नई 35 सीरीज एक नए प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिसमें 3.5 केडब्ल्यूएच की बड़ी अंडरफ्लोर बैटरी लगी है। इस बैटरी की खास प्लेसमेंट से स्कूटर का वजन और हैंडलिंग बेहतर हुई है और साथ ही अंडर-सीट 35 लीटर की स्टोरेज स्पेस भी मिली है, जहां हेलमेट समेत कई जरूरी सामान आसानी से रखा जा सकता है। नया बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम बेहतर परफॉर्मेंस और ऊर्जा दक्षता प्रदान करता है। कंपनी का दावा है कि चेतक ईवी सिंगल चार्ज में 125 किलोमीटर की रियल रेंज देती है, जबकि टैक्निकल रेंज 153 किलोमीटर बताई गई है।
950-वॉट का चार्जर स्कूटर को फास्ट चार्ज करता है, जिससे यह मात्र 3 घंटे 25 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाता है। स्कूटर में कलर टीएफटी डिस्प्ले है, जो टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल कंट्रोल और म्यूजिक मैनेजमेंट जैसे स्मार्ट फीचर्स के साथ स्मार्टफोन से कनेक्ट हो जाता है। इससे राइडर चलते-फिरते म्यूजिक भी कंट्रोल कर सकता है। नई सीरीज में लंबी सीट दी गई है, जो राइडर और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए आरामदायक है। साथ ही इसमें रिवर्स मोड भी शामिल है, जो पार्किंग को बेहद आसान बनाता है।


