नई दिल्ली । गलत डाइट और लाइफस्टाइल से आजकल पेट से जुड़ी समस्याएं आम हो गई हैं, जिनमें से सबसे ज्यादा परेशान करने वाली समस्या है एसिडिटी। भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर अपनी डाइट और लाइफस्टाइल को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका असर पाचन तंत्र पर पड़ता है। पेट में अम्लता बढ़ने पर होने वाली यह दिक्कत जलन, गैस और अपच जैसी समस्याओं को जन्म देती है। हालांकि, आयुर्वेद में इसके लिए कई आसान और घरेलू उपाय बताए गए हैं, जिन्हें अपनाकर राहत पाई जा सकती है।
आयुर्वेद के अनुसार, एसिडिटी की स्थिति में ठंडा दूध पीना सबसे कारगर उपाय है। दूध में मौजूद कैल्शियम पेट के एसिड को नियंत्रित करता है और जलन को तुरंत शांत करता है। इसी तरह, केला भी एक असरदार फल माना जाता है। इसमें ऐसे प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं जो पेट की अम्लता को कम करने के साथ-साथ पाचन को मजबूत बनाते हैं। केला खाने से पेट को तुरंत आराम मिलता है और जलन की समस्या घट जाती है। इसके अलावा, भारतीय घरों में सदियों से इस्तेमाल होने वाला जीरा और अजवाइन भी पाचन सुधारने और एसिडिटी को कम करने में मददगार हैं। जीरे को पानी में उबालकर पीने से पेट हल्का महसूस होता है और गैस की समस्या भी घटती है। वहीं, अजवाइन को पानी में उबालकर या हल्का काला नमक डालकर खाने से पाचन तंत्र को मजबूती मिलती है और पेट की मांसपेशियां आराम पाती हैं।
नारियल पानी भी एक प्राकृतिक औषधि की तरह काम करता है। इसमें मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर के पीएच स्तर को संतुलित करते हैं और अम्लता को कम करने में सहायक होते हैं। इससे पेट की जलन और एसिडिटी में जल्दी आराम मिलता है। आयुर्वेदिक तरीकों जैसे दूध, केला, जीरा, अजवाइन, नारियल पानी और सौंफ का सेवन एसिडिटी से राहत पाने में बेहद फायदेमंद है। खाने के बाद सौंफ चबाना भी एक बेहद असरदार घरेलू नुस्खा है। यह न केवल पाचन में मदद करता है बल्कि गैस की समस्या को भी दूर करता है। सौंफ का सेवन करने से भोजन जल्दी पचता है और एसिडिटी की दिक्कत काफी हद तक कम हो जाती है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


