रांची। बारिश से एक ओर जहां देह को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर झारखंड के चार जिलों में 24 घंटों में बिजली गिरने से एक लड़की और दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इस बाबत अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को गढ़वा जिले से दो मौतें और रांची, धनबाद और बोकारो से एक-एक मौत की सूचना मिली है।उन्होंने बताया कि शुक्रवार को रांची के इटकी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कुल्ली गांव में अपने माता-पिता के साथ पेड़ से आम तोड़ रही 12 वर्षीय लड़की अश्रिता की बिजली गिरने से मौत हो गई।
इस घटना में उसके माता-पिता घायल हो गए और उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं गढ़वा में कंडी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के गराखुर्द गांव में बिजली गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बानाजंघा गांव में 32 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। धनबाद के राजगंज पुलिस थाना क्षेत्र के चुंगी गांव में 44 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बोकारो के पिंडराजोरा पुलिस थाना क्षेत्र के बाबूडीह गांव में बिजली गिरने से 21 वर्षीय युवक की जान चली गई। मौसम विज्ञान विभाग ने रांची, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और गोड्डा समेत 13 जिलों के लिए रविवार सुबह 8:30 बजे तक गरज के साथ बारिश की ऑरेंज अलर्ट जारी की है।


