नई दिल्ली । अक्सर लोग हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए महंगी दवाओं और सप्लामेंट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन हमारे घर की रसोई और बाजार में आसानी से मिलने वाली कुछ साधारण सब्जियां भी शरीर में खून की कमी को प्राकृतिक तरीके से दूर कर सकती हैं और हीमोग्लोबिन का स्तर तेजी से बढ़ा सकती हैं। हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी और चौलाई आयरन और फोलेट का सबसे समृद्ध जरिया मानी जाती हैं। फोलेट शरीर में नई लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इन्हें दाल में मिलाकर या सब्जी के रूप में नियमित रूप से खाने से शरीर को प्रचुर मात्रा में पोषक तत्व मिलते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, हरी सब्जियों के साथ नींबू या विटामिन-सी से भरपूर चीजों का सेवन करना चाहिए, क्योंकि विटामिन-सी शरीर को सब्जियों में मौजूद आयरन को आसानी से सोखने में मदद करता है। इसके अलावा, चुकंदर भी हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। ब्रोकली, टमाटर और हरी मटर भी खून की कमी को दूर करने में बेहद मददगार साबित होते हैं।
ब्रोकली और टमाटर में मौजूद विटामिन-सी आयरन के अवशोषण की प्रक्रिया को तेज करता है। टमाटर को आप रोजाना सलाद, सूप या सब्जी में शामिल कर सकते हैं। वहीं, हरी मटर में मौजूद विभिन्न प्रकार के विटामिन्स और खनिज शरीर के संपूर्ण पोषण के लिए बेहद जरूरी हैं। लौकी और शकरकंद जैसी पचने में हल्की सब्जियां भी शरीर में पानी और फाइबर की पूर्ति करने के साथ-साथ आवश्यक मिनरल्स प्रदान करती हैं जो रक्त कोशिकाओं के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं। हालांकि, सिर्फ सब्जियां खाने से ही तुरंत परिणाम नहीं मिलते, बल्कि इसके साथ संतुलित जीवनशैली अपनाना भी जरूरी है। अपनी दैनिक खुराक में चना, राजमा, दालें और सूखे मेवों को शामिल करने से हीमोग्लोबिन के स्तर में स्थायी सुधार होता है।
यदि प्राकृतिक डाइट लेने के बावजूद शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बहुत कम बना रहता है और बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस होती है, तो खुद से इलाज करने के बजाय तुरंत किसी योग्य डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए ताकि गंभीर एनीमिया के खतरे से बचा जा सके। मालूम हो कि आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में गलत खान-पान के कारण शरीर में खून की कमी होना एक आम समस्या बन चुका है। हीमोग्लोबिन का स्तर कम होने पर व्यक्ति को हर समय थकान, कमजोरी, चक्कर आना और सांस फूलने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


