नई दिल्ली । न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले भारतीय टीम की अंतिम एकादश को लेकर संशय बरकरार है। इस मैच में विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की वापसी तया है क्योंकि वह फिट हो गये हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन के सामने एक समस्या ये है कि वह किसे बाहर करें। ईशान की जगह पिछले मैच में शामिल वैभव सूर्यवंशी ने भी आक्रामक बल्लेबाजी कर अपने को साबित किया है। वैभव ने उस मैच में 45 रनों की तूफानी पारी खेली थी, लेकिन अब ईशान की वापसी के साथ ही उनके अंतिम एकादश में बने रहने पर सवालिया निशान लग गया है। ईशान चोट के कारण पिछले दो मुकाबलों में बाहर थे, और वैभव को उन्हीं की जगह मौका मिला था, जिसका उन्होंने बखूबी फायदा उठाया।
हालांकि, भारतीय टीम के पास एक ऐसा विकल्प भी है जिससे युवा वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में बनाए रखा जा सकता है, बशर्ते बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बाहर बैठने तैयार हों। भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है, जिससे टीम प्रबंधन को अंतिम एकादश में प्रयोग करने का अवसर मिल गया है। इस स्थिति में, अभिषेक को आराम देकर टीम एक नई सलामी जोड़ी के साथ मैदान में उतर सकती है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी के साथ सैमसन पारी की शुरुआत कर सकते हैं। यह बाएं और दाएं हाथ के बल्लेबाजों का एक आक्रामक और नया संयोजन होगा, जो न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के लिए एक नई चुनौती पेश कर सकता है और भविष्य के लिए टीम के विकल्पों को भी बढ़ाएगा।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं होगा जब युवा प्रतिभा को मौका देने के लिए किसी सीनियर खिलाड़ी ने अपने स्थान का त्याग किया हो। पूर्व में भी ऐसा देखा गया था कि जब वैभव तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सफल नहीं हो पा रहे थे, तब संजू सैमसन ने स्वयं अपने पसंदीदा सलामी बल्लेबाज के स्थान का त्याग किया था। संजू ने अपना बल्लेबाजी क्रम नीचे करके वैभव को पारी की शुरुआत का मौका दिया था, जिसका फायदा उठाते हुए वैभव ने 45 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस बार भी श्रृंखला जीतने के बाद भारतीय टीम युवा प्रतिभा को निखारने की अपनी नीति पर अडिग रहेगी।


