●सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश चन्द्र गंधर्व ने कॉलर पकड़ कर 20 हजार रुपये की छिनतई की ऑनलाइन एफआईआर किया था
●जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में भी शिकायत दर्ज कराई थी
दुमका। सामाजिक राजनीतिक कार्यकर्ता प्रकाश चन्द्र गंधर्व के साथ गाली-गलौज और कॉलर पकड़ कर 20 हजार रुपये की छिनतई मामले में भू-सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त विभाग के एक लिपिक मो.आदिल के विरुद्ध दुमका टाउन थाना में शिकायत दर्ज कर ली गई है।यह घटना 9 सितंबर को दुमका शहर में हटिया स्कूल के पीछे हुई थी।प्रकाश चंद्र गंधर्व ने इस मामले ने ऑनलाइन एफआईआर भी किया था।10 सितंबर को झारखंड पुलिस द्वारा आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में प्रकाश चन्द्र गंधर्व ने अपनी शिकायत दर्ज कराई।आरोप है कि 9 सितंबर को जब प्रकाश चन्द्र गंधर्व हटिया स्कूल के पीछे खाद-बीज खरीदने पहुंचे तो मो.आदिल ने 10-12 लोगों के साथ उनका कॉलर पकड़ लिया और कहा कि जहां-जहां शिकायत किया है,उसे 15 दिनों में वापस ले लो।शिकायत वापस नहीं लेने पर उसने प्रकाश चन्द्र गंधर्व को जान से मारने की धमकी दी।प्रकाश गंधर्व द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि आदिल और उसके साथ आये लोगों ने उनके पॉकेट से 20 हजार रुपये भी छीन लिए।सामाजिक राजनीतिक कार्यकर्ता प्रकाश चन्द्र गंधर्व ने कुछ माह पूर्व भू-सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यालय के एक निम्नवर्गीय लिपिक मो.आदिल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजी थी जिसकी जांच चल रही है।प्रकाश चन्द्र गंधर्व का आरोप है कि मो.आदिल ने उन्हें पहले भी धमकी दिया था जिसकी शिकायत वे प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को पत्र के माध्यम से कर चुके हैं।


